उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव से पहले एनडीए के भीतर सीटों को लेकर खींचतान शुरू हो गई है। भाजपा के सहयोगी दल सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर और निषाद पार्टी के प्रमुख डॉ. संजय निषाद आमने-सामने हैं। विवाद आजमगढ़ की अतरौलिया विधानसभा सीट को लेकर है। अभी गठबंधन में किसी भी सहयोगी दल को सीटों का आधिकारिक बंटवारा नहीं हुआ है, लेकिन दोनों नेताओं की दावेदारी ने सियासी माहौल गर्म कर दिया है। राजभर ने तीखे अंदाज में कहा है कि अतरौलिया में उनकी पार्टी ने गांव-गांव मेहनत की है और किसी की औकात नहीं है कि वहां आकर माहौल बना दे।
अतरौलिया सीट पर क्यों आमने-सामने आए दोनों नेता?
इस विवाद की वजह पिछले विधानसभा चुनाव का समीकरण है। 2022 के चुनाव में एनडीए के तहत अतरौलिया सीट निषाद पार्टी के खाते में गई थी। इसी आधार पर संजय निषाद इस बार भी सीट पर अपना दावा जता रहे हैं। उन्होंने ओपी राजभर की इलाके में सक्रियता पर सवाल उठाए थे।
अब राजभर ने पलटवार करते हुए कहा कि जो लोग पिछले पांच साल से क्षेत्र में नजर नहीं आए, वे अब चुनाव लड़ने की बात कर रहे हैं। उन्होंने साफ कहा कि संजय निषाद अतरौलिया के मालिक नहीं हैं। राजभर का दावा है कि उनकी पार्टी ने क्षेत्र में लगातार काम किया है और चुनाव की तैयारी पहले से कर रही है।
अमित शाह और नितिन नवीन करेंगे सीटों का फैसला
ओपी राजभर ने सीट बंटवारे को लेकर संजय निषाद के अधिकार पर भी सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि गठबंधन में किस दल को कौन-सी सीट मिलेगी, इसका फैसला संजय निषाद नहीं करेंगे। यह जिम्मेदारी केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन की है।
राजभर ने यह भी कहा कि किसी विधानसभा सीट पर दावा करने से पहले वहां के जातीय और सामाजिक समीकरण को समझना जरूरी है। मतदाताओं की संख्या और अलग-अलग समुदायों की भूमिका जाने बिना बयान देना उचित नहीं है।
6 दिसंबर को महारैली से ताकत दिखाने की तैयारी
सुभासपा प्रमुख ने दावा किया कि उनकी पार्टी केवल अतरौलिया ही नहीं, बल्कि आजमगढ़ की सभी 10 विधानसभा सीटों पर काम कर रही है। पार्टी का लक्ष्य पिछले चुनाव में एनडीए को मिली हार को इस बार जीत में बदलना है।
अपनी राजनीतिक ताकत दिखाने के लिए सुभासपा 6 दिसंबर को आजमगढ़ के आईटीआई मैदान में सामाजिक समरसता महारैली आयोजित करेगी। राजभर के मुताबिक, इसमें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ भाजपा और एनडीए के कई बड़े नेता शामिल हो सकते हैं। रैली की तैयारियों के लिए पार्टी कार्यकर्ता जिले के सभी 22 ब्लॉकों में जनसंपर्क अभियान चला रहे हैं।
सपा का गढ़ रही है अतरौलिया सीट, जातीय समीकरण भी अहम
आजमगढ़ की अतरौलिया सीट लंबे समय से समाजवादी पार्टी का मजबूत गढ़ मानी जाती है। यहां बलराम यादव और उनके बेटे डॉ. संग्राम यादव का प्रभाव रहा है। 2022 में भाजपा ने यह सीट निषाद पार्टी को दी थी, लेकिन उसके उम्मीदवार को सपा के सामने हार का सामना करना पड़ा।
इस क्षेत्र में यादव और मुस्लिम मतदाताओं के साथ राजभर, चौहान, निषाद और सवर्ण समुदायों की भी अच्छी संख्या है। राजभर इसी सामाजिक समीकरण के आधार पर अपनी दावेदारी मजबूत मान रहे हैं, जबकि निषाद पार्टी पिछली बार सीट मिलने को अपना आधार बता रही है। ऐसे में सीट बंटवारे से पहले शुरू हुई यह खींचतान भाजपा नेतृत्व के लिए भी चुनौती बन सकती है।



