उत्तर प्रदेश में योगी सरकार ने शुक्रवार को प्रशासनिक स्तर पर बड़ा फेरबदल किया है। शासन की ओर से जारी आदेश में 38 IAS अधिकारियों को इधर से उधर करते हुए नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। इस बदलाव में सीतापुर, मुजफ्फरनगर, बिजनौर, महराजगंज और सिद्धार्थनगर समेत पांच जिलों के जिलाधिकारी बदल दिए गए हैं। इसके अलावा लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA), नोएडा, ग्रेटर नोएडा और यमुना एक्सप्रेस-वे औद्योगिक विकास प्राधिकरण में भी नई तैनाती की गई है। गाजियाबाद और वाराणसी को नए नगर आयुक्त मिले हैं, जबकि सात जिलों में मुख्य विकास अधिकारियों की जिम्मेदारी भी बदली गई है। इस फेरबदल का असर जिला प्रशासन से लेकर विकास प्राधिकरणों और शासन स्तर तक दिखाई देगा।
पांच जिलों में बदले DM, इन अधिकारियों को मिली कमान
शासन के आदेश के मुताबिक, लखनऊ विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार को सीतापुर का नया जिलाधिकारी बनाया गया है। ग्रेटर नोएडा के ACEO सुनील कुमार सिंह को मुजफ्फरनगर और विशेष सचिव नमामि गंगे जोगिंदर सिंह को बिजनौर की जिम्मेदारी दी गई है।
वहीं, महराजगंज और सिद्धार्थनगर के जिलाधिकारियों की अदला-बदली की गई है। महराजगंज के डीएम गौरव सिंह सोगरवाल अब सिद्धार्थनगर के जिलाधिकारी होंगे। जबकि सिद्धार्थनगर के डीएम शिवशरणप्पा जीएन को महराजगंज भेजा गया है।
सीतापुर के मौजूदा डीएम राजागणपति आर. को अब सूडा का निदेशक बनाया गया है।
LDA, नोएडा और ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण में भी बदलाव
राजधानी लखनऊ के विकास प्राधिकरण में भी नई नियुक्ति हुई है। मुख्यमंत्री के विशेष सचिव अनुज सिंह को LDA का नया उपाध्यक्ष बनाया गया है।
यमुना एक्सप्रेस-वे औद्योगिक विकास प्राधिकरण में संजय कुमार मीणा, कृष्ण कुमार सिंह और शत्रोहन वैश्य को अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी (ACEO) की जिम्मेदारी दी गई है।
बरेली की अपर आयुक्त प्रीति जायसवाल को नोएडा प्राधिकरण का ACEO बनाया गया है। वहीं, मेरठ की CDO नूपुर गोयल और बीडा के ACEO प्रवीण वर्मा को ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण में नई जिम्मेदारी मिली है।
गाजियाबाद-वाराणसी को नए नगर आयुक्त, सात जिलों में बदले CDO
शहरी प्रशासन में भी महत्वपूर्ण बदलाव किए गए हैं। वाराणसी के नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल को गाजियाबाद नगर निगम भेजा गया है। वहीं, गोरखपुर के CDO शाश्वत त्रिपुरारी अब वाराणसी के नए नगर आयुक्त होंगे।
सात जिलों में मुख्य विकास अधिकारियों की नई तैनाती की गई है। इनमें गोरखपुर में अभिषेक कुमार, अयोध्या में राजेश कुमार, मेरठ में संदीप कुमार, फतेहपुर में पूनम निगम, श्रावस्ती में शिशिर कुमार सिंह, अलीगढ़ में शैलेंद्र कुमार सिंह और फिरोजाबाद में योगेंद्र कुमार को जिम्मेदारी दी गई है। शैलेंद्र कुमार सिंह को संभागीय खाद्य नियंत्रक का अतिरिक्त प्रभार भी मिला है।
शासन स्तर पर भी बदली जिम्मेदारियां, दो अधिकारियों से अतिरिक्त प्रभार वापस
शासन स्तर पर उमेश मिश्रा को विशेष सचिव नगर विकास और उमेश प्रताप सिंह को विशेष सचिव लोक निर्माण विभाग बनाया गया है। विक्रमादित्य सिंह मलिक को संभागीय खाद्य नियंत्रक मेरठ की जिम्मेदारी मिली है। पीयूष पांडेय को मंडी परिषद के अपर निदेशक का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है।
इसके अलावा डॉ. नितिन मदान को यूपी जल निगम (नगरीय) का संयुक्त प्रबंध निदेशक, सुनील कुमार चौधरी को अपर भूमि व्यवस्था आयुक्त, शाहिद अहमद को अपर निदेशक प्रशासन एवं प्रबंधन अकादमी और श्रीलक्ष्मी वीएस को विशेष सचिव महिला कल्याण बनाया गया है।
मंडलीय स्तर पर वंदना त्रिपाठी को सहारनपुर, मनोज कुमार-1 को वाराणसी, अतुल कुमार को बरेली और प्रतिभा सिंह को कानपुर में अपर आयुक्त नियुक्त किया गया है। मंजूलता को अपर नगर आयुक्त मुरादाबाद बनाया गया है।
वहीं, विशेष सचिव नगर विकास महेंद्र बहादुर सिंह से निदेशक सूडा और जल निगम का अतिरिक्त प्रभार वापस ले लिया गया है। सौम्य श्रीवास्तव को भी ग्रेटर नोएडा में OSD की जिम्मेदारी से मुक्त किया गया है।


