Vaibhav Suryavanshi 171 runs in U19 Asia Cup 2025: 14 साल के वैभव सूर्यवंशी ने एक बार फिर साबित कर दिया कि उम्र सिर्फ एक नंबर है. ACC मेन्स अंडर-19 एशिया कप 2025 के पहले मुकाबले में संयुक्त अरब अमीरात के खिलाफ वैभव ने ऐसा तूफान मचाया कि पूरी क्रिकेट दुनिया देखती रह गई. वैभव सूर्यवंशी ने इस मैच में छक्कों की बारिश कर दी और अपने यूथ वनडे करियर की सबसे बड़ी पारी खेली. उन्होंने यूथ वनडे क्रिकेट की एक खास लिस्ट में भी शामिल हो गए.
वैभव सूर्यवंशी की सबसे बड़ी पारी
वैभव सूर्यवंशी के लिए इस टूर्नामेंट की शुरुआत काफी शानदार रही. उन्होंने अपने पहले ही मैच में एक शतकीय पारी खेली. ओपनिंग करने आए वैभव सूर्यवंशी ने सिर्फ 56 गेंदों में अपना शतक जड़ दिया, फिर 84 गेंदों पर डेढ़ सौ रन का आंकड़ा भी पार किया और अंत में 171 रनों की विस्फोटक पारी खेलकर मैदान छोड़ा. यह उनके यूथ वनडे करियर की सबसे बड़ी पारी रही. इससे पहले उनका बेस्ट इसी साल इंग्लैंड अंडर-19 के खिलाफ खेली गई 143 रनों की पारी थी. यानी उन्होंने पहली बार 150 रन बनाने का कारनामा किया.



