Vishnu Puja Holashtak: होलाष्टक का समय, जो होली से आठ दिन पहले शुरू होता है, भक्ति और साधना के लिए बहुत ही महत्वपूर्ण माना गया है. इस साल 25 फरवरी से शुरू होने वाले इन आठ दिनों में भले ही मांगलिक कार्य वर्जित होते हैं, लेकिन भगवान विष्णु की आराधना के लिए यह समय सबसे उत्तम है. पौराणिक मान्यताओं के अनुसार, इन दिनों में भक्त प्रह्लाद ने भगवान विष्णु की अनन्य भक्ति करके ही सभी कष्टों से मुक्ति पाई थी इसलिए यदि आप इन दिनों में सही विधि से पूजा करते हैं, तो भगवान विष्णु प्रसन्न होकर आपके जीवन की बाधाओं को दूर करते हैं.
होलाष्टक के दौरान ग्रहों की उग्रता से बचने और मानसिक शांति के लिए विष्णु सहस्रनाम का पाठ करना सबसे प्रभावी माना जाता है. यदि आप होलाष्टक के दौरान शांत मन से भगवान विष्णु के एक हजार नामों का स्मरण करते हैं, तो इससे घर की नकारात्मक ऊर्जा समाप्त होती है. इसके साथ ही नारायण कवच का पाठ करना आपके परिवार के लिए सुरक्षा कवच की तरह काम करता है. यह साधना न केवल आपके आत्मविश्वास को बढ़ाती है, बल्कि आपके भीतर सहजता और धैर्य भी बढ़ता है. इन पाठों के माध्यम से आप भगवान विष्णु से जुड़ाव महसूस करते हैं, जो आपके जीवन के सही संचालन के लिए बहुत आवश्यक है.



