पश्चिम बंगाल की सत्तारुढ़ दल तृणमूल कांग्रेस (TMC) और भारतीय जनता पार्टी (BJP) के बीच आए दिन किसी न किसी मसले पर आपसी टकराहट हो ही जा रही है. राज्य के बांकुड़ा जिले में कल मंगलवार को उस समय राजनीतिक बवाल खड़ा हो गया, जब TMC कार्यकर्ताओं ने एक गाड़ी को पकड़ा, जिसमें कथित तौर पर बीजेपी के कार्यकर्ता सवार थे और वे हजारों फॉर्म-7 ले जा रहे थे, जिनका इस्तेमाल वोटर लिस्ट में एंट्री पर आपत्ति जताने के लिए किया जाता है. इस वजह से सत्ताधारी पार्टी और विपक्ष के बीच तीखी बहस शुरू हो गई.
यह घटना खात्रा सब डिवीजन में हुई, जहां TMC कार्यकर्ताओं की ओर से दावा किया गया कि उन्होंने ताल्डंगरा से आ रही सफेद रंग की चार पहिया गाड़ी को रोका, क्योंकि उन्हें शक था कि उसमें बड़ी संख्या में फॉर्म-7 अप्लीकेशन ले जाए जा रहे हैं, जिनका इस्तेमाल वोटर्स की मृत्यु या उसके जगह बदलने जैसे कारणों से वोटर लिस्ट से नाम हटाने के लिए किया जाता है.



