पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव की तारीखों के ऐलान से पहले एक बार फिर सियासी हलचल तेज हो गई है. राज्यपाल सीवी आनंद बोस के कल गुरुवार शाम अचानक इस्तीफे ने राज्य के सियासी गलियारे में हलचल मचा दिया. राज्य में चुनाव से ठीक पहले नए राज्यपाल की नियुक्ति भी हो गई है. हालांकि अचानक इस्तीफे और बदलाव को लेकर मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने हैरानी जताई और इस घटनाक्रम के पीछे राजनीतिक दबाव का इशारा किया.
राज्यपाल के रूप में बोस के इस्तीफा देने के तुरंत बाद, सीएम बनर्जी ने कहा कि उन्हें केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की ओर से बताया गया कि तमिलनाडु के राज्यपाल आरएन रवि अब पश्चिम बंगाल के नए गवर्नर का पद संभालेंगे. गुरुवार देर शाम हुए बड़े घटनाक्रम के तहत केंद्र ने कुछ राज्यपालों को इधर से उधर कर दिया. साथ ही राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने रवि को पश्चिम बंगाल का नया राज्यपाल भी नियुक्त कर दिया. इससे पहले बोस ने अपना इस्तीफा राष्ट्रपति को भेज दिया.



