वीडियो वायरल: जब बच्ची ने जवान को किया सलाम, कहा- आप बहुत अच्छा काम करते हो

जब बच्ची ने जवान को किया सलाम
जब बच्ची ने जवान को किया सलाम

बारिश जहां देश के कई हिस्सों में खुशी लेकर आती है वहीं कई स्थानों पर इसका रौद्र रूप देखने को भी मिल रहा है। जिसके कारण बाढ़ की चपेट में आने से कई लोगों पर ऐसी बेबसी का कहर टूटा है कि उन्हे बेघर होना पड़ गया है। शेल्टर होम में रहने को मजबूर हैं। बाढ़ के कारण सबसे ज्यादा तीन राज्य महाराष्ट्र, केरल और कर्नाटक प्रभावित हैं। इन राज्यों में बाढ़ में फंसे हुए लोगों की मदद सेना, वायुसेना, नौसेना, एनडीआरएफ कर रही है और लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुचा रही है। महाराष्ट्र की बात करें तो यहां 35 लोगों की मौत हो चुकी है।

राज्य के सांगली और कोल्हापुर बाढ़ से सबसे ज्यादा प्रभावित हैं। शनिवार को यहां कि स्थिति में कुछ सुधार होता हुआ दिखा। यहां एनडीआरएफ,वायुसेना और नौसेना की टीमें बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में लोगों की मदद करने में जुटे हुए हैं। इसी बीच सांगली में एक बच्ची के सेना के जवान को सलाम करने का विडियो सामने आया है। वीडियो को देखकर आपके चेहरे पर मुस्कान तो आएगी ही साथ में सेना के प्रति गर्व भी होगा।

 

सोशल मीडिया पर बच्ची का यह वीडियो काफी वायरल हो रहा है। वीडियो सांगली के गांवबाग का है। बाढ़ प्रभावित क्षेत्र में सेना के जवान अपना कर्तव्य निभाने के लिए तैनात हैं। पानी की उफनती लहरों में लोगों को बचाने के जवानों के हौंसले को बच्ची ने देखा और समझा। इसके बाद उसने जवान से जो कहा वह किसी अनमोल उपहार से कम नहीं था। दरअसल, बच्ची जवान के पास गई और उससे कहा- ‘आप बहुत अच्छा काम करते हो।’ यह सुनने के बाद जवान ने बच्ची से हाथ मिलाया। बच्ची ने भी जवान को सलाम किया और वहां से चली गई।