कौन होगा भारत अगला मुख्य न्यायधीश ? केंद्र सरकार ने मांगे नाम

कौन होगा भारत अगला मुख्य न्यायधीश ? केंद्र सरकार ने मांगे नाम

अपने उत्तराधिकारी की सिफारिश करने के लिए केंद्रीय कानून एवं न्याय मंत्री किरेन रिजिजू ने चीफ जस्टिस ऑफ इंडिया एनवी रमना को लेटर लिखा है। सर्वोच्च न्यायालय अधिकारियों ने बताया कि यह पत्र बुधवार रात को 09:30 बजे मिला। मुख्य न्यायाधीश रमना 26 अगस्त को रिटायर होंगे और परंपरा के मुताबिक, सर्वोच्च न्यायालय में दूसरे वरिष्ठतम न्यायाधीश जस्टिस उदय उमेश ललित भारत के अगले चीफ जस्टिस हो सकते हैं।

MOP (जजों की नियुक्ति का प्रक्रिया ज्ञापन) के मुताबिक, चीफ जस्टिस को इसके लिए भारत  सरकार को सिफारिश भेजनी पड़ती है। सामान्यतया निवर्तमान मुख्य न्यायाधीश यह सिफारिश अपनी सेवानिवृत्ति से एक माह पहले भेजते हैं। यानी यह सिफारिश 26 जुलाई को चली जानी चाहिए थी। अब यदि न्यायाधीश रमना यह सिफारिश भेजते हैं तो जस्टिस उदय ललित ‘मुख्य न्यायाधीश चयनित’ हो जाएंगे और चीफ जस्टिस रमना कोलेजियम की बैठकों में फैसले नहीं ले सकेंगे।

कोलेजियम उच्च न्यायपालिका में जजों की नियुक्ति करने वाला निकाय है जिसमें चीफ जस्टिस ऑफ इंडिया सहित पांच सीनियर जज होते हैं।

सर्वोच्च न्यायालय के डिप्टी रजिस्ट्रार राकेश शर्मा ने इस बात की पुष्टि की है भारत सरकार का यह पत्र बुधवार रात 09:30 बजे सर्वोच्च न्यायालय पहुंचा। दो दिन पहले  इसी तरह की एक खबर का सर्वोच्च न्यायालय के दफ्तर ने  खंडन किया था। जस्टिस ललित के चीफ जस्टिस बनने पर उनका कार्यकाल करीब तीन माह का होगा।