रंग लगाने से मना करने पर युवती की पीट-पीटकर हत्या

रंग लगाने से मना करने पर महिला की पीट-पीटकर हत्या

 8 मार्च को पूरे देश में होली का उत्साह दिखा। लोगों ने एक-दूसरे को जमकर रंग-अबीर लगाए। लेकिन रंग लगाने से मना करने पर दो अलग-अलग विवाद में दो लोगों की हत्या भी कर दी गई। इससे होली पार आपसी भाईचारे और सौहार्द का माहौल बिगड़ा। होली पर हुड़दंगई में हत्या की दो अलग-अलग घटनाएं झारखंड और उत्तर प्रदेश से सामने आई है।

झारखंड के गोड्डा जिले में रंग लगाने से मना करने पर महिला की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। तो उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले में रंग लगाने से मना करने पर युवक की चाकू गोदकर हत्या कर दी गई। दोनों घटनाओं में पुलिस ने केस दर्ज लिया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही बदमाशों को पकड़ कर जेल भेजा जाएगा।

झारखंड के गोड्डा जिले में रंग लगाने के विवाद में 65 वर्षीय महिला की पीट-पीट कर हत्या कर दी गयी। महिला बलबड्डा थाना क्षेत्र के अमौर नीमा गांव की रहने वाली थी। बताया गया कि होली पर कुछ लोग हुड़दंग मचा रहे थे। इसी दौरान कुछ लोग मुरारी सिंह नाम के शख्स के घर पहुंच कर रंग लगाने के लिए जोर जबर्दस्ती करने लगे। मुरारी सिंह की मां बुच्ची देवी ने जबरदस्ती कर रहे लोगों को मना किया, लेकिन हुड़दंगी मानने को तैयार नहीं थे। इसके बाद विवाद बढ़ गया और नशे में धुत्त लोगों ने महिला को पीट-पीटकर मार डाला।

महिला की हत्या के बाद सभी लोग मौके से फरार हो गये। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंच मामले की जांच में जुट गयी है। मुरारी सिंह ने कहा कि उनका किसी से कोई विवाद नहीं था। हुड़दंग कर रहे लोगों ने मेरी मां की जान ले ली।मुरारी सिंह ने पुलिस को बताया कि पप्पू मंडल, ललित मंडल, सुभाष मंडल, रंजीत मंडल, हीरा लाल मंडल और नीलम देवी ने उनकी मां को पीटा। घटना के बाद से सभी आरोपी फरार है। पुलिस इन सभी की गिरफ्तारी के लिए छापे मार रही है।