द्रविड़ का बड़ा रिकॉर्ड तोड़ यशस्वी जायसवाल ने रचा इतिहास

यशस्वी जायसवाल ने सिर्फ दो पारियों में रचा इतिहास, रैना-धवन और द्रविड़ का बड़ा रिकॉर्ड तोड़ा

त्रिनिदाद में वेस्टइंडीज के खिलाफ टीम इंडिया दो मैचों की टेस्ट सीरीज का दूसरा और आखिरी मुकाबला खेल रही है। इस टेस्ट के पहले दिन भारत ने 4 विकेट के नुकसान पर 288 रन बनाए। भारत की ओर से युवा ओपनर यशस्वी जायसवाल के साथ कप्‍तान रोहित शर्मा और विराट कोहली ने शानदार अर्धशतकीय पारियां खेली हैं। यशस्‍वी जायसवाल ने पहले टेस्‍ट में शतकीय और दूसरे टेस्‍ट में अर्धशतकीय पारी खेलकर सुरेश रैना, शिखर धवन और राहुल द्रविड़ समेत कई दिग्‍गजों का रिकॉर्ड तोड़ दिया है।

21 वषीर्य यशस्वी जायसवाल ने डेब्यू टेस्ट में शानदार शतक जड़ा था। जायसवाल ने पहले टेस्ट में 171 रनों की दमदार पारी खेली थी। जिसके चलते भारत ने पारी और 141 रन से जीत दर्ज की थी। जायसवाल को डेब्यू टेस्ट में सिर्फ एक पारी खेलने को मिली थी। अब दूसरे टेस्ट की पहली पारी में भी जायसवाल ने शानदार अर्धशतक लगा दिया है।

क्‍वींस पार्क में यशस्वी जायसवाल ने 74 गेंदों का सामना करते हुए 57 रन बनाए हैं। इस तरह लगातार पहली दो पारियों में यशस्वी के नाम अब 228 रन हो गए हैं। उन्होंने पहली दो टेस्ट पारियों में सर्वाधिक रन बनाने वाले राहुल द्रविड़, सुरेश रैना, पृथ्वी शॉ और शिखर धवन जैसे दिग्गजों का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। इस लिस्‍ट में सबसे आगे रोहित शर्मा और दूसरे नंबर पर सौरव गांगुली हैं। वहीं यशस्‍वी जायसवाल तीसरे पायदान पर पहुंच गए हैं।

पहली दो पारियों में सर्वाधिक रन बनाने वाले भारतीय बल्‍लेबाज

1. रोहित शर्मा- 288 रन

2. सौरव गांगुली- 267 रन

3. यशस्वी जायसवाल- 228 रन

4. शिखर धवन- 210 रन

5. पृथ्वी शॉ- 204 रन

6. सुरेश रैना- 182 रन

 

7. राहुल द्रविड़- 179 रन

Previous articleपेंटागन के अधिकारी का दावा, भारत और अमरीका ने साथ मिलकर किया आधुनिक हथियारों पर काम शुरू
Next articleOppo का Reno10 5जी फोन लांच, मिल रहा बंपर डिस्काउंट!