अयोध्या और जनकपुर के बीच सीधी रेल सेवा शुरू होने जा रही है। इस पहल को भारत और नेपाल के धार्मिक, सांस्कृतिक और ऐतिहासिक रिश्तों को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस अवसर पर दोनों देशों के लोगों को बधाई दी है। उन्होंने कहा कि इस रेल सेवा से अवध और मिथिला के सदियों पुराने संबंधों में एक नया अध्याय जुड़ेगा। साथ ही करोड़ों श्रद्धालुओं की तीर्थयात्रा आसान होगी और धार्मिक पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा।
पीएम मोदी और नेपाल के पीएम करेंगे रेल सेवा का शुभारंभ
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह के हाथों अयोध्या धाम और जनकपुर धाम के बीच सीधी रेल सेवा का शुभारंभ होगा।
उन्होंने लिखा कि अवध और मिथिला के आध्यात्मिक, सांस्कृतिक और ‘रोटी-बेटी’ के सदियों पुराने रिश्तों में आज एक नया स्वर्णिम अध्याय जुड़ने जा रहा है।
योगी ने कहा कि प्रभु श्रीराम की पावन नगरी अयोध्या और माता जानकी की जन्मस्थली जनकपुर के बीच रेल संपर्क स्थापित होना त्रेतायुग की स्मृतियों को जीवंत करने वाला अवसर है। उन्होंने यह भी बताया कि इस ऐतिहासिक पल का साक्षी बनने के लिए वह अयोध्या धाम में मौजूद रहेंगे।
‘विरासत भी, विकास भी’ के संकल्प का प्रमाण
सीएम योगी ने भरोसा जताया कि भारत और नेपाल के बीच सदियों से कायम सांस्कृतिक और आत्मीय संबंध अब आधुनिक रेल कनेक्टिविटी से और मजबूत होंगे।
उन्होंने इस पहल को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘विरासत भी, विकास भी’ और ‘नेबरहुड फर्स्ट’ के संकल्प का जीवंत प्रमाण बताया। उनके मुताबिक, यह रेल सेवा केवल परिवहन का साधन नहीं होगी, बल्कि दोनों देशों की साझा आस्था और सांस्कृतिक विरासत को जोड़ने का माध्यम भी बनेगी।
श्रद्धालुओं की यात्रा होगी आसान, पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा
मुख्यमंत्री ने कहा कि अयोध्या और जनकपुर के बीच सीधी रेल सेवा शुरू होने से दोनों देशों के करोड़ों श्रद्धालुओं को फायदा होगा। राम और सीता से जुड़े इन प्रमुख धार्मिक स्थलों तक पहुंचना आसान होगा।
इसके अलावा, इस रेल संपर्क से धार्मिक पर्यटन, सांस्कृतिक एकात्मता और सीमावर्ती क्षेत्रों की आर्थिक गतिविधियों को भी नई गति मिलने की उम्मीद है। भारत और नेपाल के बीच लोगों का आपसी जुड़ाव बढ़ने से दोनों देशों के संबंधों को भी मजबूती मिलेगी।


