उत्तर प्रदेश सरकार के नए साल के पहले बड़े प्रशासनिक फेरबदल में 2010 बैच की वरिष्ठ आईएएस अधिकारी नेहा शर्मा को बड़ी जिम्मेदारी सौंपी गई है. उन्हें प्रभारी महानिरीक्षक निबंधन (आईजी रजिस्ट्रेशन) से स्थायी महानिरीक्षक निबंधन बनाया गया है. यह नियुक्ति प्रमोशन और पदोन्नति के साथ आई है, जो उनके करियर की एक महत्वपूर्ण उपलब्धि मानी जा रही है. नेहा शर्मा पिछले कई महीनों से स्टांप एवं निबंधन विभाग में प्रभारी आईजी के रूप में कार्यरत थीं. अब सरकार ने उनकी भूमिका को स्थायी करते हुए पूर्ण महानिरीक्षक निबंधन की जिम्मेदारी सौंप दी है। यह विभाग संपत्ति रजिस्ट्रेशन, स्टांप ड्यूटी और राजस्व संग्रहण से जुड़ा महत्वपूर्ण महकमा है, जहां पारदर्शिता और सुधार की बड़ी चुनौतियां हैं. नेहा शर्मा की इस नई भूमिका से विभाग में सुशासन और डिजिटलीकरण को गति मिलने की उम्मीद है.




