उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार गन्ना किसानों और उनके परिवारों को सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से जोड़ने के लिए 6 से 11 जुलाई तक राज्यव्यापी विशेष सामाजिक सुरक्षा जागरूकता एवं नामांकन महाअभियान चलाएगी। इस अभियान के तहत प्रदेश की सभी सहकारी गन्ना विकास समितियों के माध्यम से अधिकारी गांव-गांव जाकर पात्र किसानों का नामांकन कराएंगे और विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी देंगे।
अभियान का उद्देश्य अधिक से अधिक गन्ना किसान परिवारों को प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना (PMJJBY), प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना (PMSBY) और अटल पेंशन योजना (APY) समेत केंद्र सरकार की सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से जोड़ना है। सरकार का मानना है कि इससे किसानों को दुर्घटना, आकस्मिक मृत्यु और वृद्धावस्था जैसी परिस्थितियों में आर्थिक सुरक्षा मिलेगी तथा ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।
गन्ना समितियां निभाएंगी अहम भूमिका
इस महाअभियान में प्रदेश की सहकारी गन्ना विकास समितियां प्रमुख भूमिका निभाएंगी। समितियां किसानों को योजनाओं के प्रति जागरूक करेंगी, पात्र लाभार्थियों का सत्यापन करेंगी और उनका नामांकन सुनिश्चित करेंगी। सरकार का लक्ष्य है कि प्रत्येक पात्र गन्ना किसान परिवार तक सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का लाभ पहुंचे।
समिति परिसरों में बनेंगे सहायता केंद्र
अभियान के दौरान प्रत्येक सहकारी गन्ना विकास समिति परिसर में बैंक, इफ्को, चीनी मिलों और अन्य सहयोगी संस्थाओं के सहयोग से विशेष सहायता एवं नामांकन केंद्र स्थापित किए जाएंगे। यहां किसानों को योजनाओं की जानकारी, दस्तावेजों का सत्यापन, बैंकिंग सहायता, नए बैंक खाते खोलने और मौके पर ही नामांकन जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
महिला किसानों पर विशेष फोकस
सरकार ने इस अभियान में महिला स्वयं सहायता समूहों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। महिला किसानों और ग्रामीण महिलाओं को बीमा, पेंशन और अन्य सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से जोड़ने के साथ उन्हें वित्तीय रूप से अधिक सशक्त बनाने पर विशेष जोर दिया जाएगा।
गांव-गांव चलाया जाएगा जागरूकता अभियान
गन्ना पर्यवेक्षक, समिति सचिव और विभागीय अधिकारी गांवों में जनसंपर्क अभियान चलाकर किसानों को सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के साथ-साथ गन्ना विकास विभाग, इफ्को और चीनी मिलों द्वारा संचालित किसान हितैषी योजनाओं की भी जानकारी देंगे। इसके लिए ग्राम सभाओं और किसान गोष्ठियों का आयोजन भी किया जाएगा।



