दिल्ली-एनसीआर में आंधी-बारिश, कई फ्लाइट डायवर्ट

दिल्ली

नई दिल्ली। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और उससे आस-पास के इलाकों में रविवार रात को तेज हवा और बारिश हुई। इसके साथ कई इलाकों में ओले भी गिरे। खराब मौसम का असर हवाई यातायात पर भी पड़ा है। विस्तारा एयरलाइंस ने दिल्ली आने वाली अपनी दो उड़ानों का रूट बदल दिया है और दो फ्लाइटों के समय में बदलाव भी किया है।

मौसम विभाग के मुताबिक आने वाले 24 घंटों में देश के कई हिस्सों में मध्यम से भारी बारिश होने के आसार हैं। झारखंड, पश्चिम बंगाल और पूर्वोत्तर भारत के राज्यों में कुछ जगहों पर हल्की से भारी बारिश होने की संभावना है। साथ ही पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश और राजस्थान में भी धूल भरी आंधी चलने और बादलों की गर्जना के साथ कुछ जगहों पर बारिश की उम्मीद है। वहीं, उत्तर पूर्वी मध्य प्रदेश, उत्तरी आंध्र प्रदेश, उत्तरी आंतरिक कर्नाटक और केरल में एक-दो जगह पर हल्की बारिश हो सकती है।

हिमाचल प्रदेश, जम्मू कश्मीर, उत्तराखंड, झारखंड, बिहार और छत्तीसगढ़ में भी गरज के साथ हल्की बूंदाबांदी होने के आसार हैं। देश के बाकी हिस्सों में मौसम सामान्य रहेगा। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के द्वारा रविवार रात 8 बजे जारी ऑल इंडिया वेदर इंफेरेंस रिपोर्ट में भी देश के कई इलाकों में मौसम खराब होने की आशंका जताई गई थी।

दिल्ली में खराब मौसम का असर हवाई यातायात पर भी देखा गया। विस्तारा एयरलाइंस ने दिल्ली आने वाली अपनी दो उड़ानों का रूट बदला दिया। दोनों फ्लाइटों को दिल्ली से लखनऊ के लिए डायवर्ट किया गया। जिन दो फ्लाइटों को समय बदला गया है, उनमें से एक मुंबई से तो दूसरी चेन्नई से दिल्ली की ओर आ रही थी। यह जानकारी विस्तारा एयरलाइंस ने अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल पर ट्वीट कर दी। दिल्ली, रोहतक, जींद, गोहाना, पानीपत, गन्नौर, सोनीपत, बागपत, मेरठ, मोदीनगर, नोएडा, गाजियाबाद, ग्रेटर नोएडा, हापुड़, पिलानी, भिवानी, झज्जर, कोसली, नारनोल, रेवाड़ी, भिवारी, मानेसर, गुरुग्राम, फरीदाबाद, बल्लभगढ़, पलवल, होडल, नूंह, सोहना और आस-पास के इलाकों में मौसम खराब होने की आशंका है।

उल्लेखनीय है कि इससे पहले शनिवार रात पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में तेज बारिश के साथ ओले गिरे थे। मौसम विभाग के मुताबिक, अगले 24 घंटे में देश के कई राज्यों में तेज बारिश के साथ ओले गिर सकते हैं। वहीं, दिल्ली में रविवार को अधिकतम तापमान 38.7 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहा। सुबह 8.30 बजे आर्द्रता 68 प्रतिशत दर्ज की गई, तो वहीं शनिवार को अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस वहीं न्यूनतम तापमान 22.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

Previous articleसीएम योगी ने लिया तत्काल एक्शन, कहा-आपदा पीड़ितों को 24 घंटे में सहायता राशि मुहैया कराएं
Next articleमायावती के भाषण का चुनाव आयोग ने लिया संज्ञान, सहारनपुर जिलाधिकारी से मांगी रिपोर्ट