चंपत राय को SIT की क्लीन चिट पर अवधेश प्रसाद का हमला, बोले- सरकार बचा ले, लेकिन राम दरबार की चोरी का मामला है

चंपत राय को SIT की क्लीन चिट पर अवधेश प्रसाद का हमला, बोले- सरकार बचा ले, लेकिन राम दरबार की चोरी का मामला है

अयोध्या राम मंदिर में चढ़ावा चोरी की जांच के लिए गठित पहली एसआईटी की अंतिम रिपोर्ट शासन को सौंपे जाने के बाद राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। रिपोर्ट में चंपत राय और डॉ. अनिल मिश्रा को क्लीन चिट दिए जाने पर सपा सांसद अवधेश प्रसाद ने प्रदेश सरकार पर सवाल उठाए हैं।

अवधेश प्रसाद ने कहा कि सरकार भले ही किसी को बचा ले, लेकिन यह मामला प्रभु श्रीराम के दरबार की चोरी से जुड़ा है। उन्होंने कहा कि मामला करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था से जुड़ा है और घटना से अयोध्या की छवि को नुकसान पहुंचा है।

सपा सांसद ने दावा किया कि उन्होंने इस मुद्दे को लगातार सदन में उठाया और प्रधानमंत्री से भी निष्पक्ष जांच की अपेक्षा की थी। उन्होंने कहा कि मामले में जो भी लोग जिम्मेदार हैं, वे हमेशा बच नहीं पाएंगे और समय आने पर उन्हें सजा मिलेगी।

IPS अधिकारी की मां की मौत पर भी उठाए सवाल

अवधेश प्रसाद ने अंबेडकरनगर में आईपीएस आशुतोष मिश्रा की मां के निधन के मामले पर भी सवाल उठाए। उन्होंने पुलिस की ओर से हार्ट अटैक बताए जाने के बीच महिला के मुंह में कपड़ा ठूंसे जाने और आभूषण गायब होने से जुड़े दावों का उल्लेख करते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की।

उन्होंने कहा कि घटना को किसी भी तरह से तोड़-मरोड़कर पेश करने के बजाय पूरे मामले की जांच होनी चाहिए, ताकि मौत के पीछे की वास्तविकता सामने आ सके। साथ ही उन्होंने जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई और क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने की मांग की।