उत्तर प्रदेश में प्रांतीय रक्षक दल (PRD) के स्वयंसेवकों के लिए योगी सरकार ने कई अहम घोषणाएं की हैं। गोरखपुर में आयोजित PRD जवानों के सम्मेलन में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दैनिक ड्यूटी भत्ता 500 रुपये से बढ़ाकर 600 रुपये करने का ऐलान किया।
इसके साथ ही PRD जवानों और उनके परिवारों के लिए हर साल 5 लाख रुपये तक कैशलेस चिकित्सा सुविधा शुरू की गई है। सरकार के मुताबिक, प्रदेश के 31 हजार से अधिक PRD स्वयंसेवकों और उनके परिवार के सदस्यों को इस योजना का लाभ मिलेगा। परिवार को शामिल करने पर करीब 1.55 लाख लोग इससे लाभान्वित होंगे।
लखनऊ में 23 करोड़ रुपये से बनेगा नया बैरक
मुख्यमंत्री ने गोरखपुर से लखनऊ में करीब 23 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले बहुमंजिला PRD बैरक का शिलान्यास भी किया। इससे जवानों के लिए बेहतर आवासीय और अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराने का लक्ष्य है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि PRD स्वयंसेवक कानून-व्यवस्था, आपदा राहत, यातायात संचालन, चुनाव ड्यूटी और बड़े आयोजनों में पुलिस-प्रशासन का सहयोग करते हैं। महाकुंभ, दीपोत्सव और रंगोत्सव जैसे आयोजनों में भी उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रहती है।
आठ साल में 250 से 600 रुपये हुआ भत्ता
सरकार के मुताबिक, 2019 में PRD जवानों का दैनिक ड्यूटी भत्ता 250 रुपये से बढ़ाकर 375 रुपये किया गया था। 2022 में यह 395 रुपये और 2025 में 500 रुपये प्रतिदिन हुआ। अब इसे बढ़ाकर 600 रुपये प्रतिदिन कर दिया गया है।
PRD का बजट भी बढ़ा
राज्यमंत्री डॉ. सोमेंद्र तोमर ने बताया कि 2017 से पहले PRD का बजट करीब 23 करोड़ रुपये था, जो अब बढ़कर 543 करोड़ रुपये हो गया है।
10 जवानों को दिए गए कैशलेस कार्ड
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने 10 PRD स्वयंसेवकों को कैशलेस चिकित्सा सुविधा कार्ड भी वितरित किए। सरकार का कहना है कि नई स्वास्थ्य सुविधा से जवानों और उनके परिवारों को इलाज के दौरान आर्थिक मदद मिलेगी।





