पूर्वांचल में BJP का बड़ा चुनावी दांव, नितिन नबीन की टीम में पिछड़े और ब्राह्मण चेहरों को अहम जिम्मेदारी

पूर्वांचल में BJP का बड़ा चुनावी दांव, नितिन नबीन की टीम में पिछड़े और ब्राह्मण चेहरों को अहम जिम्मेदारी

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन की नई टीम में पूर्वांचल के तीन नेताओं को अहम जिम्मेदारी मिलने के बाद यूपी की सियासत में इसके चुनावी मायने निकाले जा रहे हैं। बस्ती के पूर्व सांसद हरीश द्विवेदी को राष्ट्रीय महामंत्री, गोरखपुर की राज्यसभा सांसद संगीता यादव को राष्ट्रीय मंत्री और देवरिया के शिवानंद द्विवेदी को राष्ट्रीय सोशल मीडिया सह-संयोजक बनाया गया है।

राजनीतिक विश्लेषकों के मुताबिक, गोरखपुर-बस्ती मंडल से दो ब्राह्मण चेहरों को राष्ट्रीय संगठन में जगह देकर भाजपा अपने पारंपरिक सवर्ण वोटबैंक को साधने का संदेश दे रही है। वहीं संगीता यादव को अहम जिम्मेदारी देकर पार्टी पिछड़ा वर्ग के साथ महिला मतदाताओं के बीच भी अपनी पकड़ मजबूत करने की कोशिश करती दिख रही है।

मिशन 2027 के लिए जातीय समीकरण साधने की कोशिश

भाजपा की रणनीति में पूर्वांचल का खास महत्व है। गोरखपुर क्षेत्र में 62 विधानसभा और 12 लोकसभा सीटें हैं। 2022 के विधानसभा चुनाव में भाजपा ने यहां 37 सीटों पर जीत दर्ज की थी। पार्टी जानती है कि पूर्वांचल में बेहतर प्रदर्शन के बिना 2027 में प्रदेश में सत्ता की हैट्रिक की राह आसान नहीं होगी।

इससे पहले महराजगंज से सांसद पंकज चौधरी को यूपी भाजपा अध्यक्ष की जिम्मेदारी देकर भी पार्टी ने पिछड़े वर्ग को लेकर अपना संदेश स्पष्ट किया था। वहीं गोरखपुर क्षेत्र में विनोद राय को क्षेत्रीय अध्यक्ष बनाए जाने को भी पूर्वांचल के जातीय समीकरण से जोड़कर देखा गया।

भाजपा कार्यकर्ताओं में खुशी

हरीश द्विवेदी, संगीता यादव और शिवानंद द्विवेदी को राष्ट्रीय संगठन में जिम्मेदारी मिलने पर भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने खुशी जताई। पार्टी नेताओं ने इसे नेताओं की संगठनात्मक क्षमता और सक्रिय भूमिका का सम्मान बताया।

गोरखपुर के सांसद रवि किशन ने भी उत्तर प्रदेश के नेताओं को राष्ट्रीय संगठन में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां मिलने पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह प्रदेश के भाजपा कार्यकर्ताओं के लिए गौरव का विषय है और पार्टी के प्रति नेताओं की निष्ठा व संगठनात्मक अनुभव का सम्मान है।