हादसों का बुधवार….यूपी, एमपी और बिहार में दर्दनाक सड़क हादसों ने ली 16 मजदूरों की जान

नई दिल्ली, राजसत्ता एक्सप्रेस। पलायन कर रहे मजदूर सड़क हादसों का शिकार हो रहे हैं। बुधवार का दिन अपने घर के लिये निकले प्रवासी मजदूरों के लिये काला दिन साबित हुआ। मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश और बिहार में दर्दनाक सड़क हादसों में 16 मजदूरों की जान चली गयी। हाल ही में महाराष्ट्र के औरंगाबाद में पटरी पर सो रहे मजदूरों को एक मालगाड़ी ने रौंद दिया था। इस वीभत्स हादसे में 16 प्रवासी श्रमिकों की मौत हो गई थी। सरकार के तमाम इंतजाम के बावजूद मजदूरों का पलायन जारी है। कोई सड़क मार्ग से तो कई बस, ट्रक में भूसे की तरह भर कर सफर करने को मजबूर है।

एमपी में 8 मजदूरों की मौत

मध्यप्रदेश के गुना से एक बुरी खबर आई है। जिले में बुधवार रात हुए भीषण सड़क हादसे में आठ मजदूरों की जान चली गई। 50 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं, सभी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने बताया कि मजदूरों को लेकर जा रही बस सामने से आ रहे कंटेनर से भिड़ गई। भिड़ंत इतनी तेज हुई बस के परखच्चे उड़ गए।

हादसे के शिकार सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सभी मृतक महाराष्ट्र से उत्तर प्रदेश में अपने मूल स्थानों के लिए जा रहे थे। मिली जानकारी के अनुसार, कंटेनर के भिड़ने के तुरंत बाद हादसे की सूचना गुना पुलिस को दी गई। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती करवाया गया।

मुजफ्फरनगर में बस ने 6 मजदूरों को कुचला

ठीक ऐसा ही हादसा यूपी के मुजफ्फरनगर में देर रात हुआ। यहां रोडवेज बस ने पैदल जा रहे मजदूरों को कुचल दिया। इस हादसे में छह मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गयी और चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गये। ये हादसा बुधावार देर रात यूपी के मुजफ्फरनगर जिले में हुआ। घलौली चेकपोस्ट और रोहाना टोल प्लाजा के पास एक रोडवेज बस ने पैदल जा रहे मजदूरों को कुचल दिया।

मुजफ्फरनगर-सहारनपुर स्टेट हाईवे-59 पर रोहाना टोल प्लाजा के पास रोडवेज की बस ने पंजाब से लौट रहे श्रमिकों के काफिले को कुचल दिया। वहीं हादसे के बाद चालक अंधेरे का फायदा उठाकर बस को लेकर फरार हो गया। मृतक और घायल मजदूर बिहार के जनपद गोपालगंज के बताए गए हैं।

समस्तीपुर में दो मजदूरों की मौत, 12 घायल

बिहार के समस्तीपुर के शंकर चौक में गुरुवार सुबह बस और ट्रक के बीच जोरदार भिड़ंत हो गई। जिसमें दो मजदूरों की मौत हो गई जबकि 12 घायल हो गए हैं। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बस मुजफ्फरपुर से कटिहार जा रही थी और इसमें 32 प्रवासी मजदूर मौजूद थे।