उत्तर प्रदेश के कासगंज में सोमवार शाम एक बड़ा विमान हादसा हो गया। अलीगढ़ स्थित चेतक एविएशन का एक ट्रेनी एयरक्राफ्ट प्रशिक्षण उड़ान के दौरान अचानक अनियंत्रित होकर बिजली के तारों में उलझ गया और निर्माणाधीन हाईवे पर गिर पड़ा। हादसे में विमान उड़ा रही प्रशिक्षु महिला पायलट कायनात घायल हो गईं। उन्हें स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
जानकारी के अनुसार, हादसा सोमवार शाम करीब चार बजे पुलिस लाइन के पीछे निर्माणाधीन हाईवे पर हुआ। बताया जा रहा है कि विमान से करीब आधे घंटे तक संपर्क नहीं हो पा रहा था। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि उड़ान के दौरान विमान का संतुलन बिगड़ गया, जिसके बाद वह बिजली के तारों से टकराकर सड़क पर आ गिरा। राहत की बात यह रही कि हादसे में कोई अन्य व्यक्ति घायल नहीं हुआ।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विमान को डगमगाते हुए नीचे आते देख लोग घबरा गए। कुछ ही क्षण बाद वह बिजली के तारों में फंस गया और हाईवे पर गिर पड़ा। घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और घायल पायलट को बाहर निकालने में पुलिस की मदद की। इसके बाद उन्हें तत्काल अस्पताल भेजा गया।
हादसे के समय महिला पायलट विमान में अकेली थीं और नियमित प्रशिक्षण उड़ान पर थीं। दुर्घटना के बाद पुलिस और प्रशासन की टीमों ने घटनास्थल को सुरक्षित कर जांच शुरू कर दी है। विमान की तकनीकी जांच भी कराई जा रही है ताकि हादसे के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके।
फिलहाल प्रशासन का कहना है कि दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है। तकनीकी रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि हादसा तकनीकी खराबी, मौसम या किसी अन्य कारण से हुआ।


