सपा विधायक कमाल अख्तर ने मुख्य सचेतक पद से दिया इस्तीफा, बोले- अखिलेश यादव के आदेश पर लिया फैसला

सपा विधायक कमाल अख्तर ने मुख्य सचेतक पद से दिया इस्तीफा, बोले- अखिलेश यादव के आदेश पर लिया फैसला

समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता और मुरादाबाद की कांठ विधानसभा सीट से विधायक कमाल अख्तर ने विधानमंडल के मुख्य सचेतक (चीफ व्हिप) पद से इस्तीफा दे दिया है। इस्तीफे के बाद उन्होंने कहा कि यह फैसला पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देश पर लिया गया है और उनके आदेश का पालन करना उनका कर्तव्य है।

कमाल अख्तर के इस्तीफे के बाद समाजवादी पार्टी के भीतर राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। माना जा रहा है कि पिछले कुछ समय से रुचि वीरा के साथ उनके मतभेद चल रहे थे। हाल ही में लखनऊ में अखिलेश यादव ने दोनों नेताओं के साथ बैठक कर विवाद सुलझाने की कोशिश की थी। बैठक के बाद मामला शांत होने की चर्चा थी, लेकिन अब इस्तीफे ने एक बार फिर अटकलों का दौर शुरू कर दिया है।

जानकारी के मुताबिक, मुरादाबाद इकाई में लंबे समय से गुटबाजी की शिकायतें पार्टी नेतृत्व तक पहुंच रही थीं। इसी को लेकर हुई बैठक में दोनों पक्षों ने अपनी-अपनी बातें रखीं, जिसके बाद अखिलेश यादव को स्वयं हस्तक्षेप करना पड़ा। बैठक में जावेद अली, यूसुफ अंसारी, जयवीर सिंह यादव और सांसद प्रतिनिधि खुशनूद अली भी मौजूद रहे।

गौरतलब है कि कमाल अख्तर को 28 जुलाई 2024 को मुख्य सचेतक बनाया गया था। इससे पहले यह जिम्मेदारी मनोज कुमार पांडेय के पास थी। राज्यसभा चुनाव के दौरान बगावत और भाजपा समर्थित उम्मीदवार के पक्ष में मतदान के बाद मनोज कुमार पांडेय ने पद छोड़ दिया था, जिसके बाद कमाल अख्तर को यह जिम्मेदारी सौंपी गई थी। अब उनके इस्तीफे के बाद मुख्य सचेतक का पद एक बार फिर खाली हो गया है।