उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार दो बेटियों वाले परिवारों को बड़ी राहत देने की तैयारी में है। प्रस्ताव के तहत यदि एक ही परिवार की दो बेटियां एक ही विद्यालय, महाविद्यालय या शैक्षणिक संस्थान में पढ़ाई कर रही हैं, तो उनमें से एक की ट्यूशन फीस माफ की जाएगी या उसकी प्रतिपूर्ति राज्य सरकार द्वारा की जाएगी। इस संबंध में शासन स्तर पर जल्द आदेश जारी होने की संभावना है।
यह योजना उन परिवारों के लिए लागू किए जाने की तैयारी है, जो शासन द्वारा निर्धारित आय सीमा के भीतर आते हैं। सरकार का उद्देश्य बेटियों की शिक्षा को बढ़ावा देना और परिवारों पर आर्थिक बोझ कम करना है।
इस योजना का लाभ यूपी बोर्ड, सीबीएसई और आईसीएसई समेत सभी बोर्डों के स्कूलों में पढ़ने वाली छात्राओं को मिल सकता है। महिला कल्याण एवं बाल विकास पुष्टाहार विभाग ने माध्यमिक शिक्षा निदेशक और जिला विद्यालय निरीक्षकों से कक्षा 9 से 12 तक अध्ययनरत ऐसी छात्राओं का विस्तृत विवरण मांगा है।
योजना के क्रियान्वयन को अंतिम रूप देने के लिए 1 जुलाई को उच्च स्तरीय बैठक बुलाई गई है। बैठक में बेसिक, माध्यमिक और उच्च शिक्षा विभाग के प्रतिनिधियों के साथ महिला कल्याण एवं वित्त विभाग के वरिष्ठ अधिकारी भी शामिल होंगे। इसमें फीस माफी की प्रक्रिया, पात्रता और वित्तीय व्यवस्था पर चर्चा की जाएगी।
शासन ने प्रयागराज, मेरठ, सहारनपुर और लखनऊ मंडलों के स्ववित्तपोषित माध्यमिक विद्यालयों से कक्षा 9 से 12 तक की ट्यूशन फीस का विस्तृत डेटा भी तलब किया है, ताकि योजना का वित्तीय आकलन किया जा सके।
जानकारों के अनुसार, 1 जुलाई की बैठक के बाद प्रस्ताव को अंतिम रूप देकर अगले महीने के तीसरे या चौथे सप्ताह में राज्य कैबिनेट के सामने मंजूरी के लिए रखा जा सकता है। कैबिनेट की स्वीकृति मिलने के बाद योजना लागू करने संबंधी आदेश जारी किए जाएंगे।
UP Government, Yogi Adityanath, Tuition Fee Waiver, Two Sisters Scheme, Girl Education, UP Board, CBSE, ICSE, Uttar Pradesh Education, Yogi Government Scheme


