चर्चित IAS रिंकू सिंह राही से SDM का चार्ज वापस, उरई में न्यायिक मजिस्ट्रेट बनाए गए

चर्चित IAS रिंकू सिंह राही से SDM का चार्ज वापस, उरई में न्यायिक मजिस्ट्रेट बनाए गए

उत्तर प्रदेश में प्रशासनिक फेरबदल के तहत चर्चित आईएएस अधिकारी रिंकू सिंह राही को जालौन के उपजिलाधिकारी (SDM) पद से हटा दिया गया है। अब उन्हें उरई में न्यायिक मजिस्ट्रेट के पद पर तैनात किया गया है। उनके स्थान पर राकेश कुमार सोनी को नया उपजिलाधिकारी जालौन बनाया गया है।

जिलाधिकारी डॉ. राजेश कुमार पाण्डेय के निर्देश पर यह प्रशासनिक आदेश तत्काल प्रभाव से लागू किया गया। रिंकू सिंह राही को जालौन का कार्यभार छोड़ने और राकेश कुमार सोनी को तत्काल पदभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं।

रिंकू सिंह राही हाल के दिनों में भाजपा के जालौन ब्लॉक प्रमुख रामराजा निरंजन के साथ कथित मारपीट और विवाद के आरोपों को लेकर चर्चा में थे। 23 जून को बेतवा आइस एंड कोल्ड स्टोरेज के निरीक्षण के दौरान दस्तावेज़ों की जांच को लेकर दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस हुई थी। इसके बाद ब्लॉक प्रमुख ने प्रेसवार्ता कर सीसीटीवी फुटेज जारी किया और प्रशासन से शिकायत की थी।

मामले की जांच के लिए पांच सदस्यीय समिति गठित की गई थी। ब्लॉक प्रमुख का आरोप था कि अभिलेख मांगने के दौरान एसडीएम ने अभद्र भाषा का प्रयोग किया, थप्पड़ मारने की कोशिश की और धक्का-मुक्की की। वहीं रिंकू सिंह राही का कहना था कि कार्रवाई के दौरान कोल्ड स्टोरेज में मिली अनियमितताओं के कारण उन पर आरोप लगाए गए।

रिंकू सिंह राही इससे पहले भी अपनी कार्यशैली को लेकर सुर्खियों में रह चुके हैं। शाहजहांपुर में वकीलों से जुड़े विवाद के दौरान उठक-बैठक लगाने की घटना भी काफी चर्चा में रही थी।

प्रशासनिक फेरबदल के बाद अब राकेश कुमार सोनी जालौन के नए एसडीएम के रूप में कार्यभार संभालेंगे, जबकि रिंकू सिंह राही उरई में न्यायिक मजिस्ट्रेट के पद पर अपनी नई जिम्मेदारी निभाएंगे।