राम मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत नृत्य गोपाल दास ICU में भर्ती, मेदांता में चल रहा इलाज

राम मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत नृत्य गोपाल दास ICU में भर्ती, मेदांता में चल रहा इलाज

अयोध्या स्थित श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत नृत्य गोपाल दास की तबीयत बिगड़ने पर उन्हें लखनऊ के मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों के अनुसार उन्हें फेफड़ों और यूरिनरी ट्रैक्ट इन्फेक्शन (UTI) की शिकायत के चलते बेहतर इलाज के लिए अयोध्या से लखनऊ रेफर किया गया था। फिलहाल उनका उपचार आईसीयू में विशेषज्ञ चिकित्सकों की निगरानी में चल रहा है।

मेदांता अस्पताल के मेडिकल डायरेक्टर डॉ. राकेश कपूर ने बताया कि महंत नृत्य गोपाल दास की हालत पहले से बेहतर है और स्वास्थ्य में लगातार सुधार हो रहा है। हालांकि एहतियात के तौर पर उन्हें अभी कुछ दिनों तक आईसीयू में ही रखा जाएगा। उनके इलाज में क्रिटिकल केयर मेडिसिन, पल्मोनरी मेडिसिन और यूरोलॉजी विभाग के विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम जुटी हुई है।

महंत की तबीयत बिगड़ने की सूचना मिलने पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सलाहकार अवनीश कुमार अवस्थी बुधवार को मेदांता अस्पताल पहुंचे। उन्होंने महंत नृत्य गोपाल दास से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना और चिकित्सकों से स्वास्थ्य की जानकारी ली।

88 वर्षीय महंत नृत्य गोपाल दास इससे पहले भी कई बार स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के कारण अस्पताल में भर्ती हो चुके हैं। वे राम जन्मभूमि आंदोलन के प्रमुख संतों में रहे हैं और राम मंदिर निर्माण आंदोलन से शुरुआती दौर से जुड़े रहे। उन्होंने श्रीराम जन्मभूमि न्यास और बाद में श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। भूमि पूजन, मंदिर निर्माण और प्राण प्रतिष्ठा जैसे प्रमुख कार्यक्रमों में भी उनकी अहम भागीदारी रही है।

फिलहाल डॉक्टरों के अनुसार उनकी स्थिति संतोषजनक है और लगातार निगरानी में उनका इलाज जारी है।