लखनऊ: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को लखनऊ के मेदांता अस्पताल पहुंचकर श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत नृत्य गोपाल दास का हालचाल जाना। मुख्यमंत्री ने उनका इलाज कर रहे डॉक्टरों से स्वास्थ्य संबंधी जानकारी ली और उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
महंत नृत्य गोपाल दास 29 जून से मेदांता अस्पताल में भर्ती हैं। जानकारी के अनुसार उन्हें अचेत अवस्था में अस्पताल लाया गया था। जांच में उन्हें सांस लेने में तकलीफ और मूत्र मार्ग संक्रमण (यूटीआई) की पुष्टि हुई। फिलहाल उनका इलाज आईसीयू में क्रिटिकल केयर विशेषज्ञों की निगरानी में चल रहा है और डॉक्टर लगातार उनकी स्वास्थ्य स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अस्पताल में चिकित्सकों से उपचार की जानकारी लेने के बाद कहा कि प्रभु श्रीराम की कृपा से महंत नृत्य गोपाल दास जल्द स्वस्थ होकर सामान्य जीवन में लौटें। इससे पहले जनवरी 2026 में भी उनकी तबीयत बिगड़ने पर उन्हें मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उस समय भी मुख्यमंत्री अस्पताल पहुंचकर उनका हालचाल जानने गए थे।
महंत नृत्य गोपाल दास राम मंदिर आंदोलन के प्रमुख संतों में गिने जाते हैं। उन्होंने राम जन्मभूमि आंदोलन में सक्रिय भूमिका निभाई और मंदिर निर्माण से जुड़े विभिन्न चरणों में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाईं। वर्तमान में वह श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के अध्यक्ष हैं और भूमि पूजन से लेकर रामलला की प्राण प्रतिष्ठा तक कई प्रमुख आयोजनों का हिस्सा रहे हैं।
महंत नृत्य गोपाल दास कम उम्र में ही अयोध्या आ गए थे और महंत राम मनोहर दास के शिष्य बने। वर्ष 1965 में उन्हें श्री मणिराम दास छावनी का महंत बनाया गया। लंबे समय से वह धार्मिक और सामाजिक गतिविधियों से जुड़े रहे हैं।




