राम मंदिर दान मामले की फॉरेंसिक जांच की मांग, कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने CM योगी को लिखा पत्र

राम मंदिर दान मामले की फॉरेंसिक जांच की मांग, कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने CM योगी को लिखा पत्र

 उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र लिखकर अयोध्या स्थित श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में प्राप्त चढ़ावे, दान, भूमि खरीद, निर्माण कार्यों और कथित वित्तीय अनियमितताओं की स्वतंत्र एवं बहु-एजेंसी फॉरेंसिक जांच कराने की मांग की है।

दो पन्नों के पत्र में अजय राय ने कहा कि राम मंदिर करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र है। ऐसे में मंदिर से जुड़े प्रत्येक आर्थिक लेन-देन में पारदर्शिता, जवाबदेही और जनता का विश्वास बनाए रखना आवश्यक है। उन्होंने हाल ही में सामने आए कथित चढ़ावा चोरी प्रकरण, भूमि खरीद और निर्माण कार्यों को लेकर उठे सवालों की वैज्ञानिक एवं निष्पक्ष जांच की मांग की।

अजय राय ने कहा कि केवल सामान्य आपराधिक जांच से पूरे मामले की सच्चाई सामने नहीं आएगी। इसके लिए इंटीग्रेटेड मल्टी-एजेंसी फॉरेंसिक इन्वेस्टिगेशन कराई जानी चाहिए, ताकि धन के पूरे प्रवाह (मनी ट्रेल) और वित्तीय रिकॉर्ड की गहराई से जांच हो सके।

उन्होंने जांच के दायरे में मंदिर स्थापना के बाद से मिले नकद चढ़ावे, डिजिटल दान, सोना-चांदी एवं अन्य बहुमूल्य दानों का सत्यापन, बैंक खातों, ऑडिट रिपोर्ट, लेखा-पुस्तकों, स्टॉक रजिस्टर, डिजिटल रिकॉर्ड, सीसीटीवी सिस्टम, सर्वर बैकअप, निर्माण कार्यों के ठेके, जीएसटी-टीडीएस रिकॉर्ड तथा भूमि खरीद-बिक्री से जुड़े दस्तावेजों को शामिल करने की मांग की है। साथ ही कहा कि यदि जांच में मनी लॉन्ड्रिंग या अवैध धन के संकेत मिलते हैं तो संबंधित एजेंसियां कानून के अनुसार कार्रवाई करें।

इस बीच, राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में गठित एसआईटी की जांच भी जारी है। पुलिस ने मुख्य आरोपी अविनाश शुक्ला की निशानदेही पर एक ब्रेजा कार बरामद की है, जिसे कथित तौर पर चोरी की रकम से खरीदा गया था। एसआईटी अब वर्ष 2020 में श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की स्थापना से अब तक मिले दान, बैंकिंग लेनदेन, निर्माण खर्च, भूमि खरीद, आभूषणों, लेखा प्रणाली और वित्तीय नियंत्रण व्यवस्था की विस्तृत जांच कर रही है।