उत्तर प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर एक बार फिर तीखा राजनीतिक हमला बोला है। सोमवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर किए गए पोस्ट में राजभर ने अखिलेश यादव पर व्यंग्य करते हुए कहा, “गुड मॉर्निंग अखिलेश जी… उठ जाइए, सुबह हो गई है। कितना सोएंगे महाराज?”
राजभर ने दावा किया कि दादरी में समाजवादी पार्टी की रैली फ्लॉप रही, जिसके बाद अखिलेश यादव निराश हैं और नई रैली करने की हिम्मत नहीं जुटा पा रहे हैं। उन्होंने लिखा कि उनके करीबी लोग भी यही बात बता रहे हैं।
अपने पोस्ट में राजभर ने कहा कि वह अखिलेश यादव के “मित्र” हैं और मित्र होने के नाते उनकी चिंता करते हैं। उन्होंने लिखा, “उठ जाइए महाराज, हम तो आपके मित्र हैं। मित्रता की वजह से आपकी चिंता रहती है।”
पोस्ट के अंत में राजभर ने समाजवादी पार्टी के वोट बैंक पर भी टिप्पणी करते हुए लिखा कि “सिर्फ यादव और मियां भाई के वोट से काम नहीं बनेगा। ना ट्विटर, एसी-पीसी काम करेगा। इसलिए उठ जाग मुसाफिर भोर भयो।”
उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। हाल के दिनों में ओपी राजभर लगातार समाजवादी पार्टी और उसके नेतृत्व पर हमलावर रहे हैं, जबकि समाजवादी पार्टी भी भाजपा और उसके सहयोगी दलों पर विभिन्न मुद्दों को लेकर निशाना साध रही है।
इससे पहले भी राजभर ने अखिलेश यादव पर कुर्मी समाज के नेताओं के सम्मान और डॉ. सोनेलाल पटेल की जयंती को लेकर सवाल उठाते हुए सोशल मीडिया पर टिप्पणी की थी।



