मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 11 जुलाई को गोरखपुर को करीब 697 करोड़ रुपये की सड़क परियोजनाओं की सौगात देंगे। इस दौरान वह 11.6 किलोमीटर लंबी भटहट–बांसस्थान फोरलेन सड़क समेत चार प्रमुख सड़क परियोजनाओं का लोकार्पण करेंगे। साथ ही 54 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली सात नई विकास परियोजनाओं का शिलान्यास भी करेंगे।
इन परियोजनाओं से गोरखपुर की सड़क कनेक्टिविटी मजबूत होगी और लोगों की आवाजाही पहले से अधिक आसान हो जाएगी। सबसे अहम परियोजना भटहट–बांसस्थान फोरलेन है, जिस पर उत्तर प्रदेश का पहला आयुष विश्वविद्यालय भी स्थित है। सड़क के चालू होने से विश्वविद्यालय आने वाले मरीजों, छात्रों और स्थानीय लोगों को बड़ी सुविधा मिलेगी।
इन चार परियोजनाओं का होगा लोकार्पण
- भटहट–बांसस्थान फोरलेन (11.6 किमी) – लागत 689.35 करोड़ रुपये
- चकजलाल–घोड़ादेउर–तरकुलही हनुमान मंदिर संपर्क मार्ग (4.85 किमी) – लागत 3.59 करोड़ रुपये
- हाफिज नगर द्वितीय संपर्क मार्ग (2.05 किमी) – लागत 1.67 करोड़ रुपये
- पिपराइच–बरगदही मार्ग से सिरसिया महादेव मंदिर तक सड़क चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण (0.635 किमी) – लागत 2.30 करोड़ रुपये
7 नई परियोजनाओं का भी होगा शिलान्यास
मुख्यमंत्री इस दौरान 54 करोड़ रुपये से अधिक लागत की सात विकास परियोजनाओं का भी शिलान्यास करेंगे। इनमें सड़क चौड़ीकरण, नए संपर्क मार्ग, टेराकोटा उद्योग रिसर्च सेंटर तक सड़क, महादेव कुंड और समय माता मंदिर का पर्यटन विकास, ग्रामीण पर्यटन परियोजनाएं तथा अन्य सड़क निर्माण कार्य शामिल हैं।
आयुष विश्वविद्यालय को मिलेगा बड़ा लाभ
भटहट–बांसस्थान फोरलेन पर स्थित प्रदेश के पहले आयुष विश्वविद्यालय तक पहुंच अब और आसान होगी। लोक निर्माण विभाग ने सड़क के दोनों ओर जल निकासी (ड्रेनेज) की भी समुचित व्यवस्था की है, जिससे बरसात के दौरान जलभराव की समस्या कम होगी।
इन सभी परियोजनाओं का उद्देश्य गोरखपुर और आसपास के क्षेत्रों में बेहतर यातायात, पर्यटन और क्षेत्रीय विकास को गति देना है।



