यूपी में आयुष्मान योजना में फर्जीवाड़े पर बड़ी कार्रवाई, 866 अस्पतालों पर गिरी गाज

यूपी में आयुष्मान योजना में फर्जीवाड़े पर बड़ी कार्रवाई, 866 अस्पतालों पर गिरी गाज

उत्तर प्रदेश में आयुष्मान योजना के तहत इलाज में अनियमितताओं और फर्जीवाड़े के मामलों पर सरकार ने बड़ी कार्रवाई की है। स्टेट एंटी फ्रॉड यूनिट की डेटा एनालिटिक्स जांच में कई अस्पतालों द्वारा नियमों के उल्लंघन के मामले सामने आए हैं।

जांच में ओपीडी में आने वाले मरीजों को भर्ती दिखाने, एक ही मरीज को बार-बार भर्ती करने, एक जैसी रिपोर्ट भेजने, इलाज में लापरवाही और निर्धारित मानकों को पूरा नहीं करने जैसी गड़बड़ियां चिन्हित की गईं।

अब तक 866 अस्पतालों के खिलाफ कार्रवाई की जा चुकी है। इनमें 648 अस्पतालों का डी-इम्पैनलमेंट, 61 अस्पतालों का निलंबन और 17 अस्पतालों की विशेषता का डी-इम्पैनलमेंट किया गया है। इसके अलावा 140 अस्पतालों पर कुल 8.53 करोड़ रुपये से अधिक की पेनल्टी लगाई गई है, जिसमें करीब 4.37 करोड़ रुपये की वसूली हो चुकी है।

साचीज की सीईओ अर्चना वर्मा के अनुसार, वर्ष 2026 में अब तक 318 अस्पतालों पर कार्रवाई की गई है। इनमें 242 अस्पतालों का डी-इम्पैनलमेंट और 61 अस्पतालों का निलंबन शामिल है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि पेनल्टी के बाद भी मानकों का पालन नहीं करने वाले अस्पतालों के खिलाफ आगे निलंबन जैसी सख्त कार्रवाई की जाएगी।