आज के समय में आधार कार्ड सिर्फ पहचान पत्र नहीं, बल्कि लगभग हर जरूरी काम की बुनियाद बन चुका है। बैंक में खाता खोलने से लेकर सरकारी योजनाओं का लाभ लेने, नया मोबाइल सिम खरीदने या दस्तावेजों के सत्यापन तक—हर जगह आधार की जरूरत पड़ती है। ऐसे में अगर आपने हाल ही में घर बदला है या नौकरी, पढ़ाई या किसी अन्य कारण से दूसरे शहर में शिफ्ट हुए हैं और आधार में अब भी पुराना पता दर्ज है, तो कई जरूरी काम बीच में अटक सकते हैं।
राहत की बात यह है कि अब आधार में पता अपडेट कराने के लिए आधार सेवा केंद्र के चक्कर लगाने की जरूरत नहीं है। भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (UIDAI) की ऑनलाइन सुविधा के जरिए यह काम घर बैठे स्मार्टफोन या लैपटॉप से किया जा सकता है। पूरी प्रक्रिया आसान है और कुछ जरूरी दस्तावेजों के साथ इसे ऑनलाइन पूरा किया जा सकता है।
घर बैठे ऑनलाइन ऐसे बदलें आधार का पता
आधार में नया पता अपडेट करने के लिए सबसे पहले myAadhaar के आधिकारिक पोर्टल पर जाना होगा। वहां अपना 12 अंकों का आधार नंबर और स्क्रीन पर दिख रहा कैप्चा दर्ज करें। इसके बाद आधार से जुड़े मोबाइल नंबर पर एक OTP आएगा, जिसे दर्ज करके लॉगिन करना होगा।
लॉगिन के बाद Address Update विकल्प चुनें। इसके बाद Update Aadhaar using your documents पर क्लिक करें। यहां आपका मौजूदा पता दिखाई देगा। अब नया पता, राज्य, जिला, शहर और पिन कोड जैसी सभी जानकारियां सावधानी से भरें। जानकारी सही भरना जरूरी है, क्योंकि छोटी गलती भी आवेदन में देरी का कारण बन सकती है।
किन दस्तावेजों से होगा एड्रेस अपडेट?
नया पता दर्ज करने के बाद उस पते का प्रमाण देने वाला एक वैध दस्तावेज अपलोड करना होगा। इसके लिए बिजली बिल, बैंक स्टेटमेंट, रेंट एग्रीमेंट, पासपोर्ट या वोटर आईडी जैसे दस्तावेज मान्य हैं।
कई बार नए शहर में रहने वाले लोगों के नाम पर तुरंत कोई एड्रेस प्रूफ उपलब्ध नहीं होता। ऐसी स्थिति में UIDAI ने Head of Family (HoF) का विकल्प भी दिया है। इसमें परिवार के मुखिया के आधार नंबर और रिश्ते के प्रमाण के आधार पर भी पता अपडेट कराया जा सकता है।
फॉर्म जमा होने के बाद एक 14 अंकों का Update Request Number (URN) जारी होता है। यही नंबर भविष्य में आवेदन की स्थिति देखने के काम आता है, इसलिए इसे सुरक्षित रखना जरूरी है।
75 रुपये की फीस और मुफ्त सुविधा का नियम समझिए
ऑनलाइन आवेदन करते समय यह ध्यान रखना जरूरी है कि अपलोड किए गए दस्तावेज साफ और स्पष्ट हों। धुंधली या अधूरी तस्वीरें होने पर आवेदन अस्वीकार किया जा सकता है।
अगर आप केवल आधार में पहले से मौजूद दस्तावेजों का दोबारा सत्यापन कर रहे हैं और पता नहीं बदल रहे, तो यह सुविधा 14 जून 2027 तक पूरी तरह मुफ्त है।
वहीं, अगर आधार में नया पता अपडेट कराया जा रहा है, तो इसके लिए 75 रुपये का ऑनलाइन शुल्क देना होगा।
सही पता क्यों है जरूरी?
आधार में सही पता होना केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि रोजमर्रा के कई कामों के लिए जरूरी है। बैंकिंग सेवाएं, सरकारी योजनाएं, मोबाइल कनेक्शन और अन्य दस्तावेजों के सत्यापन के दौरान आधार का पता अन्य रिकॉर्ड से मेल खाना चाहिए। अगर जानकारी अपडेट रहेगी, तो भविष्य में अनावश्यक परेशानी और दस्तावेजों की जांच में होने वाली देरी से बचा जा सकता है।


