UP में पोस्टर वार तेज: सपा कार्यालय के बाहर अखिलेश का हनुमान के सामने नतमस्तक पोस्टर, लिखा- ‘विजय भव: 2027’

UP में पोस्टर वार तेज: सपा कार्यालय के बाहर अखिलेश का हनुमान के सामने नतमस्तक पोस्टर, लिखा- ‘विजय भव: 2027’

उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव से पहले पोस्टर के जरिए सियासी संदेश देने का सिलसिला तेज हो गया है। लखनऊ स्थित समाजवादी पार्टी कार्यालय के बाहर एक नया पोस्टर चर्चा में है। इसमें सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव भगवान हनुमान के सामने हाथ जोड़कर बैठे नजर आ रहे हैं। पोस्टर में हनुमान जी को उन्हें आशीर्वाद देते हुए दिखाया गया है।

पोस्टर पर ‘विजय भव: 2027’ लिखा है। इसमें अखिलेश यादव के साथ पार्टी के संस्थापक मुलायम सिंह यादव और डिंपल यादव की तस्वीरें भी लगाई गई हैं। पोस्टर के जरिए 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी संदेश देने की कोशिश नजर आती है।

पहले अखिलेश के खिलाफ लगे थे पोस्टर

इससे पहले लखनऊ, गाजीपुर, मुरादाबाद समेत प्रदेश के कई शहरों में अखिलेश यादव के खिलाफ पोस्टर लगाए जाने की खबर सामने आई थी। इन पोस्टरों में आजम खान, अतीक अहमद, मुख्तार अंसारी और रमाकांत यादव की तस्वीरों का इस्तेमाल किया गया था।

पोस्टरों पर अखिलेश यादव और कथित ‘माफिया राज’ को लेकर आपत्तिजनक नारे लिखे गए थे। हालांकि, इन पोस्टरों को किसने लगवाया था, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई थी। कई जगह सपा कार्यकर्ताओं ने पोस्टर हटाकर विरोध दर्ज कराया था।

पोस्टर के पीछे कौन? आधिकारिक पुष्टि नहीं

नए ‘विजय भव: 2027’ पोस्टर को लेकर भी यह स्पष्ट नहीं है कि इसे किसने लगवाया है। पोस्टर ऐसे समय सामने आया है, जब उत्तर प्रदेश में राजनीतिक दल 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटे हैं और पोस्टरबाजी के जरिए एक-दूसरे पर निशाना साधने का सिलसिला जारी है।