उत्तर प्रदेश में ‘शुद्ध ही शुभ है’ अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग की कार्रवाई में कानपुर के कई नामी रेस्टोरेंट्स और फूड कोर्ट में साफ-सफाई और खाद्य गुणवत्ता से जुड़ी गंभीर कमियां सामने आई हैं। खाद्य विभाग की टीम ने रेव मोती मॉल के फूड कोर्ट में खराब हाइजीन मिलने के बाद वहां संचालित सभी 10 प्रतिष्ठानों को सुधार होने तक बंद करा दिया।
अभियान के दौरान प्रदेश के पांच जिलों में विशेष टीमें भेजी गई थीं। कुल 38 टीमों ने 52 प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया।
रेव मोती मॉल के फूड कोर्ट में मिली गंदगी
कानपुर के रेव मोती मॉल के फूड कोर्ट में निरीक्षण के दौरान अत्यधिक गंदगी और खराब सैनिटरी कंडीशन मिली। टीम को क्षतिग्रस्त दीवारें और खाद्य सामग्री फर्श पर रखी हुई भी मिली।
खाद्य सुरक्षा मानकों में कमियां मिलने के बाद फूड कोर्ट में संचालित सभी 10 दुकानों को सुधार होने तक बंद रखने की कार्रवाई की गई।
ला पीनोज में एक्सपायर सॉस और कीट संक्रमण
सप्पायर मॉल स्थित ला पीनोज पिज्जा में निरीक्षण के दौरान इंसेक्ट इन्फेक्शन, एक्सपायर सॉस और ड्रेसिंग्स मिलीं। इसके अलावा शाकाहारी और मांसाहारी खाद्य पदार्थों के लिए एक ही बर्तनों के इस्तेमाल की स्थिति भी सामने आई।
टीम ने खराब गुणवत्ता का पनीर भी पाया। इन कमियों के आधार पर प्रतिष्ठान के लाइसेंस के निलंबन की संस्तुति की गई।
बिरयानी क्वीन के आटे में मिले कीड़े
बिरयानी क्वीन के निरीक्षण में आटे में कीड़े मिले। निर्माण क्षेत्र में अत्यधिक गंदगी के साथ खाद्य तेल का बार-बार इस्तेमाल किए जाने की स्थिति भी सामने आई। तेल में भी गंदगी पाई गई।
वहीं, किदवई नगर के एम ब्लॉक स्थित स्पाइसी फास्ट फूड रेस्टोरेंट में खुले नाले के पास प्रतिष्ठान का संचालन और किचन एरिया में दुर्गंध मिलने की बात सामने आई। विभाग की टीम ने कार्रवाई के दौरान खाद्य पदार्थों के सैंपल भी लिए।
स्क्वायर मॉल में भी मिलीं खामियां
स्वरूप नगर स्थित एक प्रतिष्ठान में पैक्ड फूड पर मैन्युफैक्चरिंग डेट, एक्सपायरी डेट और सामग्री की जानकारी दर्ज नहीं मिली। उपभोक्ताओं को जरूरी खाद्य जानकारी उपलब्ध नहीं कराने के कारण सुधार होने तक कारोबार बंद करने की संस्तुति की गई।
स्क्वायर मॉल के एक फूड आउटलेट में चोक्ड ड्रेनेज, खराब हाइजीन और वेज-नॉनवेज खाद्य पदार्थों के लिए एक ही बर्तनों के इस्तेमाल की स्थिति मिली।
वाराणसी में भी रेस्टोरेंट्स की जांच
इसी अभियान के तहत वाराणसी में खाद्य विभाग की 20 टीमों ने 40 फास्ट फूड और रेस्टोरेंट प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। टीमों ने खाद्य पदार्थों के साथ रसोई की सफाई, स्टोरेज, पेस्ट कंट्रोल, ड्रेनेज और वेज-नॉनवेज खाद्य पदार्थों के अलगाव की भी जांच की।
महमूरगंज स्थित एक कैफे के निरीक्षण में क्षतिग्रस्त फॉल्स सीलिंग और स्टोरेज एरिया में गंदगी मिली। वहीं अर्दली बाजार स्थित ला पीनोज में डस्टबिन के आसपास कीटों का संक्रमण और वेज-नॉनवेज खाद्य पदार्थों की तैयारी के लिए पर्याप्त अलग व्यवस्था नहीं मिली।




