PM मोदी को अपना दोस्त मानते हैं सैम पित्रोदा! दिवाली पर हुई बातचीत के बाद मची चर्चा, कांग्रेस नेता ने बताई रिश्तों की पूरी कहानी

PM मोदी को अपना दोस्त मानते हैं सैम पित्रोदा! दिवाली पर हुई बातचीत के बाद मची चर्चा, कांग्रेस नेता ने बताई रिश्तों की पूरी कहानी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सैम पित्रोदा के बीच दिवाली पर हुए बातचीत के बाद राजनीतिक गलियारों में नई चर्चा शुरू हो गई है। दोनों नेताओं ने एक-दूसरे को त्योहार की शुभकामनाएं दी थीं और एक-दूसरे के प्रति गर्मजोशी भी दिखाई थी। अब कांग्रेस ओवरसीज के प्रमुख सैम पित्रोदा ने इस बातचीत पर अपनी बात रखी है। उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी को अपना दोस्त और शुभचिंतक बताते हुए कहा कि निजी रिश्तों को राजनीतिक मतभेदों से जोड़कर नहीं देखना चाहिए। हालांकि, उन्होंने यह भी साफ कर दिया कि उनकी और प्रधानमंत्री की निजी बातचीत का कांग्रेस पार्टी और बीजेपी के राजनीतिक रिश्तों से कोई लेना-देना नहीं है।

दिवाली के संदेश पर क्यों शुरू हुई राजनीतिक चर्चा?

सैम पित्रोदा ने NDTV को दिए इंटरव्यू में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ दिवाली और नए साल की शुभकामनाओं के आदान-प्रदान को जिस तरह राजनीतिक चर्चा का विषय बनाया जा रहा है, उससे उन्हें हैरानी है।

उनके मुताबिक, यह दोनों व्यक्तियों के बीच सामान्य और निजी बातचीत थी। इसका किसी राजनीतिक समझौते या पार्टी के रिश्तों से कोई संबंध नहीं था।

पित्रोदा ने कहा कि वह लंबे समय से प्रधानमंत्री मोदी के दोस्त और शुभचिंतक रहे हैं। राजनीतिक विचार अलग होने के बावजूद व्यक्तिगत संबंध बनाए रखे जा सकते हैं। उनके अनुसार, राजनीति और निजी जीवन को अलग-अलग देखने की जरूरत है।

पीएम मोदी ने पित्रोदा और उनकी पत्नी को भेजा था संदेश

सैम पित्रोदा ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उनके और उनकी पत्नी के साथ हमेशा गर्मजोशी से पेश आए हैं। हालांकि, प्रधानमंत्री बनने के बाद उनकी मोदी से मुलाकात नहीं हुई है।

उन्होंने कहा कि दिवाली के मौके पर प्रधानमंत्री ने उन्हें और उनकी पत्नी को शुभकामना संदेश भेजा था। इसके जवाब में उन्होंने भी संदेश भेजकर अपनी शुभकामनाएं दीं। पित्रोदा ने इसे प्रधानमंत्री की उदारता और एक सामान्य मानवीय व्यवहार बताया।

उन्होंने यह भी कहा कि उनके कई गुजराती नेताओं के साथ अलग-अलग तरह के व्यक्तिगत संबंध रहे हैं। ऐसे रिश्तों को राजनीतिक नजरिए से देखना सही नहीं है।

कांग्रेस के हमलों और निजी रिश्तों को अलग बताया

जब सैम पित्रोदा से पूछा गया कि एक तरफ कांग्रेस प्रधानमंत्री मोदी की राजनीतिक आलोचना करती है और दूसरी तरफ वह उनकी तारीफ कर रहे हैं, तो उन्होंने दोनों बातों को अलग बताया।

उनका कहना था कि प्रधानमंत्री के साथ कांग्रेस पार्टी के रिश्ते क्या हैं, इस पर वह टिप्पणी नहीं कर सकते। वह केवल अपने व्यक्तिगत संबंधों के बारे में बात कर सकते हैं।

हालांकि, उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि प्रधानमंत्री मोदी के साथ उनके राजनीतिक और वैचारिक मतभेद आज भी बने हुए हैं।

राजनीति में धर्म के इस्तेमाल से असहमत हैं पित्रोदा

पित्रोदा ने भारत के मौजूदा राजनीतिक माहौल को लेकर भी अपनी राय रखी। उन्होंने कहा कि देश में राजनीति काफी जहरीली हो गई है और वह राजनीति में धर्म को आगे लाने के पक्ष में नहीं हैं।

उन्होंने कहा कि उनकी भारत को लेकर सोच प्रधानमंत्री मोदी से अलग है। उनके मुताबिक, प्रधानमंत्री का पद सभी नागरिकों के लिए होता है और इस जिम्मेदारी को व्यापक नजरिए से देखना चाहिए।

सैम पित्रोदा ने इस बात से भी इनकार किया कि प्रधानमंत्री मोदी को शुभकामना संदेश भेजना कांग्रेस और केंद्र सरकार के बीच रिश्ते सुधारने की कोई कोशिश थी। उन्होंने कहा कि यह सिर्फ सैम पित्रोदा और नरेंद्र भाई के बीच एक मानवीय बातचीत थी। उन्होंने अपनी बात रखते हुए कहा कि किसी व्यक्ति से राजनीतिक असहमति होने का मतलब यह नहीं है कि उसके साथ बैठकर कॉफी भी नहीं पी जा सकती।