Chhath Puja 2026: अर्घ्य देते समय मंत्र भूल जाएं तो न हों परेशान, सूर्यदेव के इन 12 नामों का जाप करने से पूरी होगी पूजा!

Chhath Puja 2026: अर्घ्य देते समय मंत्र भूल जाएं तो न हों परेशान, सूर्यदेव के इन 12 नामों का जाप करने से पूरी होगी पूजा!

छठ महापर्व में सूर्यदेव को अर्घ्य देने का विशेष महत्व है। इस दौरान व्रती नदी, तालाब या किसी जलाशय में खड़े होकर डूबते और उगते सूर्य को जल अर्पित करते हैं। धार्मिक मान्यता है कि सूर्यदेव की उपासना करने से परिवार में सुख-समृद्धि बनी रहती है और संतान को लंबी उम्र का आशीर्वाद मिलता है। हालांकि, कई बार पूजा के दौरान व्रती अर्घ्य देने वाला मुख्य मंत्र भूल जाते हैं। अगर आपके साथ भी ऐसा हो तो परेशान होने की जरूरत नहीं है। सूर्यदेव के कुछ आसान मंत्रों और उनके 12 पवित्र नामों का जाप करके भी श्रद्धापूर्वक उनकी आराधना की जा सकती है। इस साल 15 नवंबर 2026 को संध्या अर्घ्य दिया जाएगा, जबकि 16 नवंबर को उषा अर्घ्य के साथ चार दिवसीय छठ महापर्व का समापन होगा।

छठ पूजा में सूर्यदेव को अर्घ्य देते समय बोलें यह मंत्र

छठ पूजा के दौरान सूर्यदेव को जल अर्पित करते समय विशेष मंत्र का उच्चारण करना शुभ माना जाता है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, इस मंत्र के जाप के साथ अर्घ्य देने से सूर्यदेव के प्रति श्रद्धा और भक्ति प्रकट होती है।

अर्घ्य देते समय इस मंत्र का जाप कर सकते हैं।

ॐ एहि सूर्य सहस्रांशो तेजोराशे जगत्पते। अनुकम्पय मां भक्त्या गृहाणार्घ्यं दिवाकर॥

मुख्य मंत्र याद नहीं तो इन आसान मंत्रों का करें जाप

कई बार पूजा के दौरान मंत्र याद नहीं रहते। ऐसी स्थिति में सूर्यदेव के सरल मंत्रों का स्मरण किया जा सकता है। इनका उच्चारण करना भी आसान है। व्रती जल अर्पित करते समय अपनी श्रद्धा के अनुसार इन मंत्रों का जाप कर सकते हैं।

  • ॐ सूर्याय नमः।

  • ॐ आदित्याय नमः।

  • ॐ नमो भास्कराय नमः।

  • ॐ घृणि सूर्याय नमः।

इसके अलावा सूर्यदेव का बीज मंत्र भी बताया गया है। इसका जाप सूर्य उपासना के दौरान किया जा सकता है।

ॐ ह्रां ह्रीं ह्रौं सः सूर्याय नमः॥

अर्घ्य देते समय सूर्यदेव के इन 12 नामों का करें स्मरण

अगर आपको अर्घ्य देने वाला मुख्य मंत्र याद नहीं है, तो सूर्यदेव के 12 नामों का जाप भी कर सकते हैं। धार्मिक मान्यता के अनुसार, इन नामों का स्मरण करना शुभ माना जाता है। अर्घ्य देते समय एक-एक करके इन नामों का उच्चारण किया जा सकता है।

  1. ॐ मित्राय नमः।

  2. ॐ रवये नमः।

  3. ॐ सूर्याय नमः।

  4. ॐ भानवे नमः।

  5. ॐ खगाय नमः।

  6. ॐ पूष्णे नमः।

  7. ॐ हिरण्यगर्भाय नमः।

  8. ॐ मरीचये नमः।

  9. ॐ आदित्याय नमः।

  10. ॐ सवित्रे नमः।

  11. ॐ अर्काय नमः।

  12. ॐ भास्कराय नमः।

15 और 16 नवंबर को दिया जाएगा सूर्यदेव को अर्घ्य

चार दिनों तक चलने वाले छठ महापर्व में सूर्यदेव और छठी मैया की पूजा की जाती है। व्रती परिवार की खुशहाली, संतान की लंबी उम्र और सुख-समृद्धि की कामना के साथ कठिन निर्जला व्रत रखते हैं। 15 नवंबर को डूबते सूर्य को संध्या अर्घ्य दिया जाएगा। इसके अगले दिन यानी 16 नवंबर को उगते सूर्य को उषा अर्घ्य अर्पित किया जाएगा। इसी के साथ छठ महापर्व का समापन होगा।

डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई जानकारी धार्मिक मान्यताओं और सामान्य जानकारियों पर आधारित है। इसकी पुष्टि नहीं की जाती है।