बॉलीवुड फिल्म ‘जोश’ से पहचान बनाने वाले अभिनेता शरद कपूर एक बार फिर चर्चा में हैं। पिछले कुछ समय से फिल्मी दुनिया से दूर चल रहे शरद का हाल ही में एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। इसमें वह काफी कमजोर और परेशान नजर आ रहे थे। वीडियो सामने आने के बाद उनके फैंस उनकी सेहत और आर्थिक स्थिति को लेकर चिंता जताने लगे थे। हालांकि, अब अभिनेता ने एक इंटरव्यू में अपनी स्थिति को लेकर खुलकर बात की है। उन्होंने साफ किया है कि उन्हें पैसों की कोई परेशानी नहीं है। इतना ही नहीं, उनके हाथ एक हॉलीवुड फिल्म भी लगी है, जिसके जरिए वह अंतरराष्ट्रीय सिनेमा में अपना डेब्यू करने जा रहे हैं।
वायरल वीडियो में कुत्तों को शेल्टर होम छोड़ते दिखे थे अभिनेता
शरद कपूर का जो वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा में आया था, उसमें वह अपने चार कुत्तों को एक शेल्टर होम में छोड़ते नजर आए थे। इस दौरान वह भावुक भी दिखाई दिए। वीडियो देखने के बाद कई लोगों को लगा कि अभिनेता किसी मुश्किल दौर से गुजर रहे हैं।
अब शरद ने इस पूरे मामले पर अपनी सफाई दी है। उन्होंने बताया कि वह बार्सिलोना में एक फुटबॉल मैच खेलने गए थे। इसी दौरान उनके पैर में चोट लग गई। चोट की वजह से उनके लिए अपने चारों कुत्तों की देखभाल करना मुश्किल हो गया था। उनकी परेशानी यहीं खत्म नहीं हुई। डॉक्टर आनंद जोशी ने उन्हें दो महीने तक बेड रेस्ट करने की सलाह भी दी है।
अभिनेता के मुताबिक, कुत्तों को शेल्टर होम भेजने का फैसला केवल अस्थायी व्यवस्था है। ठीक होने के बाद वह अपने चारों कुत्तों को वापस घर ले आएंगे।
आर्थिक स्थिति पर शरद कपूर ने कही ये बात
वायरल वीडियो के बाद उनकी आर्थिक स्थिति को लेकर भी सवाल उठने लगे थे। इस पर अभिनेता ने स्पष्ट किया कि उन्हें पैसों की कोई दिक्कत नहीं है। उन्होंने बताया कि वह फिलहाल जिस घर में रह रहे हैं, उसे बेचने की योजना बना रहे हैं। इसके बाद वह मुंबई के मड आइलैंड में एक बेहतर घर में शिफ्ट होना चाहते हैं।
शरद ने यह भी बताया कि वह करीब सात साल तक न्यूयॉर्क में रहे और एक साल पहले ही भारत वापस लौटे हैं। उनके मुताबिक, उन्हें हर तरफ से सहयोग मिल रहा है और फिल्म इंडस्ट्री उनके लिए परिवार की तरह है।
हॉलीवुड फिल्म से करेंगे नई पारी की शुरुआत
शरद कपूर के करियर को लेकर सबसे बड़ी खबर यह है कि उन्हें एक हॉलीवुड प्रोजेक्ट का ऑफर मिला है। अभिनेता ने खुद इसकी जानकारी दी है। इस फिल्म के जरिए वह पहली बार हॉलीवुड में काम करते दिखाई देंगे। उन्होंने बताया कि फिल्म की शूटिंग जनवरी 2026 में शुरू होने वाली है।
बॉलीवुड में उनका पिछला प्रोजेक्ट 2019 में आई फिल्म ‘कैबरे’ था। इस फिल्म में ऋचा चड्ढा मुख्य भूमिका में नजर आई थीं। लंबे समय तक बड़े पर्दे से दूर रहने के बाद अब हॉलीवुड प्रोजेक्ट मिलने से उनके करियर में एक नया मोड़ आ सकता है। फिलहाल अभिनेता अपनी चोट से उबरने और नए प्रोजेक्ट की तैयारी पर ध्यान दे रहे हैं।


