Vande Bharat Express: सात साल में बदल गई भारतीय रेलवे की तस्वीर! चेयरकार से स्लीपर तक पहुंची ट्रेन, जानें कितनी बदली सफर की दुनिया

Vande Bharat Express: सात साल में बदल गई भारतीय रेलवे की तस्वीर! चेयरकार से स्लीपर तक पहुंची ट्रेन, जानें कितनी बदली सफर की दुनिया

भारतीय रेलवे में पिछले सात साल के दौरान बड़ा बदलाव देखने को मिला है। कभी सिर्फ चेयरकार के रूप में शुरू हुई वंदे भारत एक्सप्रेस अब स्लीपर ट्रेन के रूप में भी लंबी दूरी का सफर आसान बनाने की दिशा में आगे बढ़ रही है। अब यात्रियों को रातभर बैठकर सफर करने की मजबूरी से राहत मिल सकती है। नवंबर 2026 में वाराणसी-प्रयागराज-नई दिल्ली रूट पर वंदे भारत स्लीपर की नियमित सेवा शुरू होने के बाद रेलवे के इस बदलाव की चर्चा तेज हो गई है। आधुनिक सुविधाओं, आरामदायक बर्थ और तेज रफ्तार के साथ रेलवे अब हवाई यात्रा को भी चुनौती देने की तैयारी में है।

2019 में चेयरकार से शुरुआत, अब स्लीपर तक पहुंचा सफर

वंदे भारत एक्सप्रेस की शुरुआत 15 फरवरी 2019 को नई दिल्ली से वाराणसी के बीच हुई थी। चेन्नई की इंटीग्रल कोच फैक्ट्री (ICF) में तैयार इस ट्रेन ने 759 किलोमीटर की दूरी करीब 8 घंटे में पूरी की थी। ट्रायल के दौरान इसने 183 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार हासिल कर अपनी क्षमता दिखाई थी।

इसके बाद सितंबर 2022 में दूसरी पीढ़ी की वंदे भारत ट्रेनें शुरू की गईं। ये पहले के मुकाबले हल्की और तेज थीं। इनकी खासियत थी कि ये महज 52 सेकंड में शून्य से 100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार पकड़ सकती हैं।

जनवरी 2026 में हावड़ा और कामाख्या के बीच पहली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन शुरू हुई। इसके बाद 31 अक्टूबर को वाराणसी-प्रयागराज-दिल्ली रूट की स्लीपर ट्रेन को हरी झंडी दिखाई गई और 2 नवंबर से नियमित परिचालन शुरू हो गया।

823 यात्रियों के लिए बर्थ, जानें कितना है किराया

नई वंदे भारत स्लीपर ट्रेन में कुल 16 एसी कोच लगाए गए हैं। इनमें 11 थर्ड एसी, 4 सेकंड एसी और 1 फर्स्ट एसी कोच शामिल हैं। पूरी ट्रेन में 823 यात्रियों के सोने की व्यवस्था है।

वाराणसी से यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए थर्ड एसी से फर्स्ट एसी तक किराया 1,915 रुपये से 3,030 रुपये के बीच रखा गया है। यानी अब लंबी दूरी की रात की यात्रा में यात्रियों को बैठने के बजाय आरामदायक बर्थ पर सफर करने का विकल्प मिल रहा है।

वंदे भारत को खास बनाती है इसकी स्वदेशी तकनीक

इस ट्रेन की सबसे बड़ी खासियत इसका सेल्फ-प्रोपेल्ड ट्रेन सेट होना है। सामान्य ट्रेनों में इंजन आगे से सभी डिब्बों को खींचता है, लेकिन वंदे भारत में अलग इंजन नहीं होता। इसके कोचों के नीचे लगी मोटर सीधे पहियों को ताकत देती हैं। इससे ट्रेन तेजी से रफ्तार पकड़ती है और जरूरत पड़ने पर जल्दी रुक भी सकती है।

ट्रेन में एयर स्प्रिंग, आधुनिक बोगी, कवच एंटी-कोलिजन सिस्टम, रीजेनरेटिव ब्रेकिंग, ऑटोमैटिक दरवाजे, सीसीटीवी और बायो-वैक्यूम टॉयलेट जैसी सुविधाएं हैं। एसी सिस्टम में यूवी एयर प्यूरिफिकेशन की व्यवस्था भी दी गई है। रीजेनरेटिव ब्रेकिंग तकनीक ब्रेक लगाने के दौरान ऊर्जा पैदा करती है, जिसे वापस बिजली ग्रिड में भेजा जा सकता है।

क्या फ्लाइट से सस्ता और सुविधाजनक होगा सफर?

वाराणसी या प्रयागराज से दिल्ली की फ्लाइट का किराया कई बार 8,000 से 13,000 रुपये तक पहुंच जाता है। इसके अलावा एयरपोर्ट पहुंचने और सुरक्षा जांच में भी समय देना पड़ता है। दूसरी तरफ वंदे भारत स्लीपर में यात्री रात को स्टेशन से ट्रेन पकड़कर आराम करते हुए सुबह दिल्ली पहुंच सकते हैं।

वंदे भारत परियोजना से जुड़े रहे रेलवे के पूर्व जीएम डॉ. सुधांशु मणि के मुताबिक, इस ट्रेन को 160 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलाने के उद्देश्य से तैयार किया गया था। हालांकि, रेलवे ट्रैक के काम, सुरक्षा और दूसरी ट्रेनों की आवाजाही जैसी चुनौतियों के कारण इसे अभी पूरी क्षमता से नहीं चलाया जा सका है।

फिलहाल देश में 164 से ज्यादा वंदे भारत सेवाएं चल रही हैं। वहीं, मुंबई-अहमदाबाद बुलेट ट्रेन कॉरिडोर का काम भी अंतिम चरण में बताया गया है। हालांकि, रेलवे के सामने प्रीमियम ट्रेनों के विस्तार के साथ आम यात्रियों को भी सम्मानजनक और सुविधाजनक सफर उपलब्ध कराने की चुनौती बनी हुई है।