41 विधानसभा सीटों पर नजर, गोरखपुर से शुरू होगी बड़ी तैयारी
समाजवादी पार्टी की नजर गोरखपुर और बस्ती मंडल की करीब 41 विधानसभा सीटों पर है। पार्टी के सामने सबसे बड़ी चुनौती गोरखपुर में अपनी राजनीतिक पकड़ मजबूत करने की है, जिसे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का मजबूत गढ़ माना जाता है।
अखिलेश यादव इस रथयात्रा को बड़े शक्ति प्रदर्शन में बदलना चाहते हैं। इसके लिए एक लाख से अधिक कार्यकर्ताओं और समर्थकों को जुटाने का लक्ष्य रखा गया है। पीडीए रथ के जरिए रोड शो निकालकर पार्टी संगठन में नई ऊर्जा भरने और स्थानीय नेताओं को एकजुट करने की कोशिश होगी।
ब्राह्मण और ठाकुर मतदाताओं पर अखिलेश का खास फोकस
इस दौरे का सबसे अहम पहलू पूर्वांचल का जातीय समीकरण है। सपा ब्राह्मण, ठाकुर और निषाद मतदाताओं के बीच अपनी राजनीतिक स्वीकार्यता बढ़ाना चाहती है।
पूर्व मंत्री हरिशंकर तिवारी का परिवार लंबे समय से पूर्वांचल की राजनीति में प्रभाव रखता है। उनके बेटे विनय शंकर तिवारी और कुशल तिवारी के समाजवादी पार्टी में आने के बाद अखिलेश यादव लगातार भाजपा सरकार पर निशाना साधते रहे हैं। योगी सरकार के कार्यकाल में उनके ठिकानों पर हुई पुलिस कार्रवाई को सपा प्रमुख ब्राह्मणों के उत्पीड़न से जोड़कर उठाते रहे हैं।
एमएलसी चुनाव के दौरान संजय त्रिपाठी से जुड़े घटनाक्रम को भी अखिलेश ने राजनीतिक मुद्दा बनाया था। उनकी कोशिश है कि इन मुद्दों के जरिए ब्राह्मण मतदाताओं के बीच भाजपा के खिलाफ नाराजगी को अपने पक्ष में किया जाए।
निषाद वोट बैंक में सेंध लगाने की भी तैयारी
चौरी-चौरा का इलाका निषाद राजनीति के लिहाज से भी महत्वपूर्ण है। इसे निषाद पार्टी के अध्यक्ष संजय निषाद का प्रभाव क्षेत्र माना जाता है। यहां से मौजूदा विधायक सरवन निषाद हैं। ऐसे में अखिलेश यादव की सक्रियता को निषाद मतदाताओं तक पहुंच बनाने की कोशिश के रूप में देखा जा रहा है।
वहीं, बाबू बंधू सिंह की प्रतिमा का अनावरण करके सपा स्थानीय इतिहास और सामाजिक भावनाओं से जुड़ने का संदेश देना चाहती है। इससे ठाकुर समेत दूसरे वर्गों तक भी पार्टी अपनी पहुंच बढ़ाने की कोशिश करेगी।
अजय सिंह टप्पू की एंट्री की चर्चा, भाजपा के सामने नई चुनौती?
इस पूरे कार्यक्रम के बीच स्थानीय नेता अजय कुमार सिंह उर्फ टप्पू की समाजवादी पार्टी में संभावित एंट्री की चर्चा भी है। उन्हें चौरी-चौरा से पार्टी के संभावित उम्मीदवार के तौर पर देखा जा रहा है।
कुल मिलाकर अखिलेश यादव का गोरखपुर दौरा 2027 की चुनावी रणनीति का अहम हिस्सा माना जा रहा है। पीडीए समीकरण, ब्राह्मणों की नाराजगी और निषाद वोट बैंक पर फोकस करके सपा भाजपा के मजबूत क्षेत्र में अपनी जगह बनाने की कोशिश कर रही है।


