उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 से पहले समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के गढ़ गोरखपुर में बड़ा राजनीतिक दांव चला है। करीब 20 किलोमीटर के रोड शो के जरिए शक्ति प्रदर्शन करने पहुंचे अखिलेश ने चौरी-चौरा में बीजेपी के पूर्व नेता अजय कुमार सिंह उर्फ टप्पू को सपा की सदस्यता दिलाई। टप्पू सिंह की एंट्री को इसलिए अहम माना जा रहा है, क्योंकि वह 2022 के विधानसभा चुनाव में निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर करीब 30 हजार वोट हासिल कर चुके हैं। अब सपा उनके जरिए गोरखपुर में ठाकुर, ब्राह्मण और निषाद मतदाताओं के बीच अपनी पकड़ मजबूत करने की कोशिश में है।
योगी के गढ़ में अखिलेश का 20 किलोमीटर का शक्ति प्रदर्शन
बुधवार को अखिलेश यादव गोरखपुर एयरपोर्ट से चौरी-चौरा के देवकही गांव तक पीडीए रथ पर सवार होकर पहुंचे। करीब 20 किलोमीटर लंबे रोड शो में बड़ी संख्या में सपा कार्यकर्ता और समर्थक शामिल हुए।
हालांकि, इस दौरे का सबसे बड़ा राजनीतिक घटनाक्रम अजय कुमार सिंह उर्फ टप्पू की सपा में एंट्री रही। वह बीजेपी के पूर्व नेता विनय कुमार सिंह उर्फ बिन्नू सिंह के छोटे भाई हैं। उनके परिवार का गोरखपुर की राजनीति में पुराना प्रभाव रहा है। ऐसे में अखिलेश का उन्हें पार्टी में शामिल कराना स्थानीय राजनीति में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
कौन हैं अजय सिंह टप्पू, जिन्हें अखिलेश ने बनाया अपना साथी?
टप्पू सिंह एक राजनीतिक परिवार से आते हैं। उनके बड़े भाई बिन्नू सिंह ने गोरखपुर विश्वविद्यालय की छात्र राजनीति से अपना सफर शुरू किया था। वह छात्रसंघ में महामंत्री भी चुने गए थे।
1989 के लोकसभा चुनाव में बिन्नू सिंह जनता दल के साथ थे और उन्होंने हिंदू महासभा के उम्मीदवार महंत अवेद्यनाथ के खिलाफ प्रचार किया था। हालांकि, बाद में वह बीजेपी में शामिल हो गए। 1993 में पार्टी ने उन्हें मानीराम विधानसभा सीट से टिकट दिया, लेकिन उन्हें हार का सामना करना पड़ा।
बिन्नू सिंह को बीजेपी के वरिष्ठ नेता कलराज मिश्र का करीबी माना जाता था। उनका परिवार गोरखनाथ मंदिर से भी जुड़ा रहा है। टप्पू सिंह ने एक मीडिया संस्थान से बातचीत में दावा किया था कि उनके परिवार ने गोरखनाथ मंदिर और मदन मोहन मालवीय प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के लिए जमीन दी थी।
2022 में निर्दलीय लड़कर हासिल किए थे 30 हजार वोट
नवंबर 2016 में बिन्नू सिंह के निधन के बाद टप्पू सिंह राजनीति में सक्रिय हुए। 2022 के विधानसभा चुनाव में उन्होंने बीजेपी से चौरी-चौरा सीट पर टिकट मांगा था, लेकिन पार्टी ने उन्हें उम्मीदवार नहीं बनाया।
इसके बाद उन्होंने निर्दलीय चुनाव लड़ने का फैसला किया। बीजेपी के खिलाफ चुनाव मैदान में उतरने के कारण उन्हें पार्टी से निष्कासित कर दिया गया था। निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर उन्होंने करीब 30 हजार वोट हासिल किए।
अब उनके सपा में आने के बाद चौरी-चौरा सीट पर उनकी राजनीतिक भूमिका को लेकर चर्चा तेज है। उन्हें 2027 के चुनाव में पार्टी का संभावित उम्मीदवार भी माना जा रहा है।
ब्राह्मण, ठाकुर और निषाद वोटों पर अखिलेश की नजर
अखिलेश यादव की रणनीति केवल एक नेता को पार्टी में शामिल करने तक सीमित नहीं है। गोरखपुर की राजनीति में ब्राह्मण, ठाकुर और निषाद मतदाताओं की अहम भूमिका है।
पूर्व मंत्री हरिशंकर तिवारी का परिवार लंबे समय से पूर्वांचल की राजनीति में प्रभाव रखता है। उनके बेटे विनय शंकर तिवारी और कुशल तिवारी पहले ही सपा में शामिल हो चुके हैं। योगी सरकार के कार्यकाल में तिवारी परिवार से जुड़े ठिकानों पर हुई पुलिस कार्रवाई को अखिलेश लगातार ब्राह्मणों के उत्पीड़न का मुद्दा बनाकर उठाते रहे हैं।
दूसरी तरफ चौरी-चौरा निषाद पार्टी के अध्यक्ष संजय निषाद का प्रभाव क्षेत्र माना जाता है। यहां से उनके बेटे सरवन निषाद विधायक हैं। ऐसे में टप्पू सिंह को पार्टी में शामिल करके सपा ठाकुर और दूसरे स्थानीय सामाजिक वर्गों तक पहुंच बनाने की कोशिश कर रही है।
41 सीटों पर सपा की नजर, योगी के क्षेत्र में बड़ी चुनौती
गोरखपुर और बस्ती मंडल की करीब 41 विधानसभा सीटें समाजवादी पार्टी की रणनीति के केंद्र में हैं। अकेले गोरखपुर जिले में विधानसभा की नौ सीटें हैं। बीजेपी की मजबूत मौजूदगी के बीच सपा यहां अपना खाता खोलने की तैयारी कर रही है।
अखिलेश यादव ने रोड शो के दौरान गोरखपुर की सभी नौ सीटों पर बीजेपी को हराने का दावा भी किया। अब देखना होगा कि टप्पू सिंह की एंट्री और नए जातीय समीकरण 2027 के चुनाव में सपा को कितना फायदा पहुंचाते हैं।



