मुंबई के दादर रेलवे स्टेशन का बदलेगा नाम! अब ‘चैत्यभूमि’ होगी नई पहचान, CM फडणवीस ने बताया कब पूरी होगी प्रक्रिया

मुंबई के दादर रेलवे स्टेशन का बदलेगा नाम! अब ‘चैत्यभूमि’ होगी नई पहचान, CM फडणवीस ने बताया कब पूरी होगी प्रक्रिया

मुंबई के प्रमुख रेलवे स्टेशनों में शामिल दादर स्टेशन का नाम जल्द बदल सकता है। महाराष्ट्र सरकार ने इसका नाम बदलकर ‘चैत्यभूमि’ करने के प्रस्ताव को सैद्धांतिक मंजूरी दे दी है। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने बुधवार को इसकी जानकारी देते हुए कहा कि नाम बदलने से जुड़ी जरूरी प्रक्रिया आगामी विधानसभा सत्र के दौरान पूरी की जाएगी। इस संबंध में राज्य सरकार केंद्र को पत्र भी भेज चुकी है। केंद्र से मिले मार्गदर्शन के मुताबिक अब विधायी समिति को शामिल करने समेत जरूरी औपचारिकताएं पूरी की जाएंगी।

यह फैसला डॉ. बाबासाहेब अंबेडकर के महापरिनिर्वाण दिवस यानी 6 दिसंबर की तैयारियों को लेकर हुई समीक्षा बैठक के दौरान सामने आया। दादर स्टेशन का नाम ‘चैत्यभूमि’ करने की मांग लंबे समय से उठती रही है। ऐसे में राज्य सरकार के इस कदम को इस दिशा में अहम प्रगति माना जा रहा है।

विधानसभा सत्र में पूरी होगी नाम बदलने की प्रक्रिया

मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने स्पष्ट किया कि दादर रेलवे स्टेशन का नाम बदलने की प्रक्रिया केंद्र सरकार के दिशा-निर्देशों के अनुसार आगे बढ़ेगी। राज्य सरकार प्रस्ताव को सैद्धांतिक मंजूरी दे चुकी है और केंद्र को भी इसकी जानकारी दे दी गई है।

केंद्र सरकार ने इस प्रक्रिया में विधायी समिति को शामिल करने के संबंध में मार्गदर्शन दिया है। इसी के आधार पर आगामी विधानसभा सत्र में जरूरी कदम उठाए जाएंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी आवश्यक औपचारिकताएं पूरी होने के बाद स्टेशन का नाम बदल दिया जाएगा।

महापरिनिर्वाण दिवस की तैयारियों पर भी हुई चर्चा

दादर स्टेशन के नाम को लेकर जानकारी उस बैठक में दी गई, जिसमें 6 दिसंबर को डॉ. बाबासाहेब अंबेडकर के महापरिनिर्वाण दिवस पर चैत्यभूमि में होने वाले कार्यक्रमों की तैयारियों की समीक्षा की गई। बैठक की अध्यक्षता मुख्यमंत्री फडणवीस ने की।

इस दौरान उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा अजीत पवार, शहरी विकास राज्य मंत्री माधुरी मिसल और गृह राज्य मंत्री योगेश कदम सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। समन्वय समिति के पदाधिकारियों के साथ विभिन्न सरकारी विभागों के सचिव, वरिष्ठ पुलिस अधिकारी और रेलवे के प्रतिनिधियों ने भी हिस्सा लिया।

इसके अलावा बृहन्मुंबई नगर निगम (BMC), भारतीय बौद्ध महासभा, अखिल भारतीय बौद्ध भिक्षु संघ और अन्य संगठनों के प्रतिनिधियों ने भी बैठक में सुझाव दिए।

देशभर से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए होगी बेहतर व्यवस्था

बैठक में मुख्यमंत्री ने महापरिनिर्वाण दिवस के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन को प्राथमिकता देने की बात कही। उन्होंने कहा कि 6 दिसंबर डॉ. बाबासाहेब अंबेडकर को श्रद्धांजलि देने और उनके विचारों व आदर्शों पर चिंतन करने का महत्वपूर्ण दिन है।

इस अवसर पर देश के अलग-अलग हिस्सों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु चैत्यभूमि पहुंचते हैं। ऐसे में सरकार की जिम्मेदारी है कि उन्हें सुरक्षित, सम्मानजनक और सुविधाजनक व्यवस्था मिले।

फडणवीस ने भरोसा जताया कि सभी विभागों और संबंधित संस्थाओं के बीच बेहतर तालमेल से इस साल महापरिनिर्वाण दिवस का आयोजन अनुशासित और सुरक्षित तरीके से किया जाएगा।