‘भाई का हक लेकर जीने से अच्छा राजनीति छोड़ दूंगा’, मंत्री दिनेश प्रताप सिंह की पोस्ट से रायबरेली में हलचल

‘भाई का हक लेकर जीने से अच्छा राजनीति छोड़ दूंगा’, मंत्री दिनेश प्रताप सिंह की पोस्ट से रायबरेली में हलचल

उत्तर प्रदेश की राजनीति में रायबरेली एक बार फिर चर्चा में है। इस बार वजह प्रदेश सरकार में मंत्री और बीजेपी के एमएलसी दिनेश प्रताप सिंह की एक सोशल मीडिया पोस्ट है। पोस्ट में उन्होंने भाई के हिस्से का हक, यश और धन-दौलत लेकर जीवन बिताने से बेहतर राजनीति छोड़कर अभाव में स्वाभिमान के साथ जीने की बात कही है। उनकी पोस्ट की एक लाइन- ‘जो राम (भाई) का नहीं, वह किसी के काम का नहीं’ सबसे ज्यादा चर्चा में है। हालांकि, उन्होंने किसी का नाम लेकर सीधे तौर पर कोई आरोप नहीं लगाया है, लेकिन उनके बयान को परिवार के राजनीतिक समीकरणों से जोड़कर देखा जा रहा है।

दिनेश प्रताप सिंह ने अपनी पोस्ट की शुरुआत संस्कृत के वाक्य ‘यतो धर्मस्ततो जयः’ से की। इसके बाद उन्होंने लिखा, “मेरे लिए भाई के हिस्से का हक, यश, धन-दौलत लेकर जीने से अच्छा है राजनीति से संन्यास लेकर अभाव में स्वाभिमान से जी लेने का मार्ग सर्वोत्तम धर्म होगा।”

उन्होंने सोशल मीडिया पर उनके खिलाफ दुष्प्रचार करने वालों को भी जवाब दिया। पोस्ट में लिखा कि दिनेश सिंह के आचरण, विचारों और त्याग की गहराई को समझना उनके आलोचकों के बस की बात नहीं है। इसी के साथ उन्होंने भाई के प्रति निष्ठा और रिश्तों की अहमियत पर जोर दिया।

भाई राकेश सिंह को लेकर क्यों हो रही चर्चा?

दिनेश प्रताप सिंह की पोस्ट में बार-बार भाई के हिस्से के हक और भाई के प्रति निष्ठा का जिक्र होने के बाद उनके भाई राकेश सिंह का नाम चर्चा में आ गया है। राकेश सिंह हरचंदपुर विधानसभा सीट से विधायक रह चुके हैं। उन्होंने 2017 में कांग्रेस के टिकट पर चुनाव जीतकर विधानसभा में जगह बनाई थी। इसके बाद 2022 के विधानसभा चुनाव में बीजेपी ने उन्हें उम्मीदवार बनाया, लेकिन इस बार उन्हें हार का सामना करना पड़ा।

दिनेश प्रताप सिंह और राकेश सिंह रायबरेली के एक प्रभावशाली राजनीतिक परिवार से आते हैं, जिसे पंचवटी परिवार के नाम से भी जाना जाता है। परिवार के दूसरे सदस्य भी जिले की राजनीति में सक्रिय रहे हैं। दिनेश प्रताप सिंह के भाई अवधेश सिंह रायबरेली जिला पंचायत अध्यक्ष रह चुके हैं। ऐसे में मंत्री की पोस्ट में भाई के अधिकार और त्याग की बात सामने आने के बाद राजनीतिक हलकों में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं।

क्या हरचंदपुर सीट से चुनाव लड़ेंगे दिनेश प्रताप सिंह?

सोशल मीडिया पोस्ट सामने आने के बाद एक और चर्चा ने जोर पकड़ लिया है। कुछ लोग इसे दिनेश प्रताप सिंह के हरचंदपुर विधानसभा सीट से चुनाव लड़ने की संभावनाओं से जोड़कर देख रहे हैं। इसकी वजह यह है कि इस सीट से उनके भाई राकेश सिंह विधायक रह चुके हैं।

हालांकि, इस पूरे मामले में एक अहम बात समझना जरूरी है। दिनेश प्रताप सिंह ने अपनी पोस्ट में न तो हरचंदपुर सीट का जिक्र किया है और न ही आगामी विधानसभा चुनाव लड़ने का कोई ऐलान किया है। उन्होंने किसी राजनीतिक पद या चुनावी रणनीति को लेकर भी कोई आधिकारिक बात नहीं कही है। ऐसे में फिलहाल उनके चुनाव लड़ने की चर्चा को अटकलों के तौर पर ही देखा जाना चाहिए।

योगी सरकार में मंत्री हैं दिनेश प्रताप सिंह

दिनेश प्रताप सिंह उत्तर प्रदेश की योगी सरकार में उद्यान, कृषि विपणन, कृषि विदेश व्यापार और कृषि निर्यात विभाग के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) हैं। वह बीजेपी से विधान परिषद सदस्य भी हैं। राजनीति में आने के बाद वह कांग्रेस में भी सक्रिय रहे और साल 2018 में बीजेपी में शामिल हो गए।

बीजेपी ने 2019 के लोकसभा चुनाव में उन्हें रायबरेली सीट से सोनिया गांधी के खिलाफ मैदान में उतारा था, लेकिन उन्हें हार मिली। इसके बाद 2024 के लोकसभा चुनाव में पार्टी ने एक बार फिर उन पर भरोसा जताया और राहुल गांधी के सामने उम्मीदवार बनाया। इस चुनाव में भी उन्हें जीत नहीं मिली।

फिलहाल उनकी ताजा पोस्ट ने रायबरेली की राजनीति में नई चर्चा जरूर शुरू कर दी है। अब सवाल यही है कि भाई के हक और राजनीतिक संन्यास की बात कहकर दिनेश प्रताप सिंह ने सिर्फ अपने आलोचकों को जवाब दिया है या इसके पीछे कोई बड़ा राजनीतिक संदेश भी छिपा है। इस पर उनकी ओर से आगे कोई स्पष्टीकरण आता है या नहीं, इस पर सबकी नजर रहेगी।