यूपी चुनाव के लिए BJP का बड़ा प्लान! हर बूथ पर 11 बाइकर्स, हर विधानसभा में 50 सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स की टीम

यूपी चुनाव के लिए BJP का बड़ा प्लान! हर बूथ पर 11 बाइकर्स, हर विधानसभा में 50 सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स की टीम

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 से पहले बीजेपी ने संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने के लिए बड़ा प्लान तैयार किया है। मथुरा में हुई पार्टी की दो दिवसीय बैठक के बाद 25 सूत्रीय एजेंडा सामने आया है। इस रणनीति में सिर्फ नेताओं और कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने की बात नहीं है, बल्कि जातीय समीकरणों से लेकर कारोबारियों, सरकारी कर्मचारियों, सामाजिक संगठनों और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स तक का डेटा जुटाने की तैयारी है। पार्टी हर विधानसभा क्षेत्र में प्रभावशाली लोगों की पहचान करेगी और नाराज नेताओं व कार्यकर्ताओं को मनाने के लिए भी अभियान चलाएगी।

इस ब्लूप्रिंट का सबसे दिलचस्प हिस्सा बूथ स्तर पर 11 बाइकर्स की टीम और हर विधानसभा क्षेत्र में 50 सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स की सूची तैयार करना है। पार्टी का मकसद चुनाव से काफी पहले मतदाताओं के बीच अपनी मौजूदगी बढ़ाना और स्थानीय स्तर पर लगातार संपर्क बनाए रखना है।

जातीय समीकरण से नाराज कार्यकर्ताओं तक, हर विधानसभा का बनेगा डेटा

बीजेपी के 25 सूत्रीय एजेंडे में सबसे ज्यादा जोर विधानसभा क्षेत्र के सामाजिक और राजनीतिक समीकरणों को समझने पर है। इसके तहत हर मंडल में अलग-अलग जातियों की संख्या और उनके प्रमुख नेताओं की जानकारी जुटाई जाएगी। साथ ही प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र के प्रभावशाली लोगों की सूची तैयार होगी।

पार्टी की योजना के मुताबिक, हर विधानसभा क्षेत्र की 100 सक्रिय महिलाओं और प्रत्येक मंडल के 25 सक्रिय कार्यकर्ताओं की पहचान की जाएगी। हर बूथ से पांच सक्रिय और वरिष्ठ कार्यकर्ताओं की सूची भी बनाई जाएगी।

इसके अलावा बीजेपी के नाराज नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ दूसरे राजनीतिक दलों के असंतुष्ट कार्यकर्ताओं की जानकारी जुटाकर उनसे संपर्क किया जाएगा। क्षेत्र में चुनाव जीत चुके और हार चुके ग्राम प्रधानों तथा दूसरे स्थानीय जनप्रतिनिधियों का भी ब्योरा तैयार किया जाएगा। इससे पार्टी को स्थानीय स्तर पर अपनी संगठनात्मक स्थिति और राजनीतिक प्रभाव का आकलन करने में मदद मिलेगी।

सरकारी कर्मचारियों, कारोबारियों और धार्मिक संस्थानों पर भी नजर

बीजेपी का यह एजेंडा केवल राजनीतिक कार्यकर्ताओं तक सीमित नहीं है। पार्टी विधानसभा क्षेत्र में रहने वाले और काम करने वाले अलग-अलग पेशे से जुड़े लोगों की जानकारी भी जुटाएगी।

इसमें सरकारी और निजी क्षेत्र के कर्मचारी, शिक्षक, ग्राम पंचायत अधिकारी और शिक्षण संस्थानों से जुड़े लोगों को शामिल किया जाएगा। ऐसे सरकारी कर्मचारियों और अधिकारियों की सूची भी तैयार करने की योजना है, जो नौकरी के सिलसिले में अपने क्षेत्र से बाहर रहते हैं।

इसके अलावा ठेकेदारों, कोटेदारों, किसानों, व्यापारियों और उद्योगपतियों का डेटा जुटाया जाएगा। सक्रिय एनजीओ, प्रमुख गायकों, खिलाड़ियों और अन्य चर्चित हस्तियों की पहचान भी की जाएगी। विधानसभा क्षेत्र के मठों, मंदिरों और गुरुद्वारों की जानकारी जुटाने का बिंदु भी एजेंडे में शामिल है।

हर बूथ पर 11 बाइकर्स निकालेंगे सप्ताह में एक यात्रा

बीजेपी ने बूथ स्तर पर अपनी सक्रियता बढ़ाने के लिए 11 मोटरसाइकिल सवार कार्यकर्ताओं की टीम बनाने की योजना तैयार की है। ये कार्यकर्ता सप्ताह में एक बार मोटरसाइकिल यात्रा निकालेंगे। पार्टी की कोशिश है कि इसके जरिए गांवों और स्थानीय इलाकों में लगातार संपर्क बना रहे।

इसके साथ ही प्रत्येक बूथ पर पांच स्थानों पर कमल का चुनाव चिह्न पुतवाने की योजना है। बूथ कार्यकर्ताओं को लाभार्थियों के घर जाकर उनसे चाय-पानी के दौरान बातचीत और संपर्क बढ़ाने की जिम्मेदारी भी दी जाएगी।

पार्टी का जोर इस बात पर है कि मतदाताओं से संपर्क केवल चुनाव के समय तक सीमित न रहे, बल्कि पूरे समय संगठन की पहुंच लोगों के बीच बनी रहे।

दलित मतदाताओं और नए वोटरों को जोड़ने की रणनीति

बीजेपी के 25 सूत्रीय एजेंडे में अनुसूचित जाति और दलित मतदाताओं के बीच संपर्क बढ़ाने पर भी खास ध्यान दिया गया है। इसके तहत दलित मतदाताओं के बीच 10 नए सदस्य बनाने और अनुसूचित जाति वर्ग में नए मतदाताओं की संख्या बढ़ाने की योजना है।

बूथ स्तर पर मतदाताओं की संख्या बढ़ाने के लिए सामाजिक संपर्क अभियान चलाने की भी बात कही गई है। इसके अलावा संघ के विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े कार्यकर्ताओं के परिवारों का मतदान दोपहर 12 बजे से 3 बजे के बीच सुनिश्चित कराने की व्यवस्था बनाने का बिंदु भी एजेंडे में शामिल है।

हर विधानसभा में 50 सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स की टीम

डिजिटल प्रचार को लेकर भी बीजेपी ने अलग रणनीति तैयार की है। प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र से 50 सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स की सूची बनाई जाएगी। पार्टी सूत्रों के मुताबिक, आगे इन इन्फ्लुएंसर्स के माध्यम से सरकार और पार्टी के पक्ष में माहौल तैयार करने की योजना है।

इसके साथ ही महिला मोर्चा, युवा मोर्चा, अनुसूचित मोर्चा और पिछड़ा मोर्चा के कार्यकर्ताओं को भी ज्यादा सक्रिय किया जाएगा। PACS यानी प्राथमिक कृषि ऋण समितियों, डेयरी, सरकारी बैंकों और दूसरी सहकारी संस्थाओं से जुड़े लोगों के बीच संपर्क बढ़ाने की तैयारी है।

कुल मिलाकर, मथुरा की बैठक के बाद बीजेपी का यह 25 सूत्रीय एजेंडा बताता है कि पार्टी 2027 के विधानसभा चुनाव के लिए बूथ स्तर पर माइक्रो मैनेजमेंट की रणनीति अपना रही है। अब देखना होगा कि इस योजना को जमीन पर कितनी तेजी से लागू किया जाता है और इसका चुनावी समीकरणों पर क्या असर पड़ता है।