भारत की राजधानी नई दिल्ली में शुक्रवार से शंघाई सहयोग संगठन (SCO) का पहला सिविलाइजेशनल डायलॉग फोरम शुरू होने जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शाम करीब 5:30 बजे ऐतिहासिक पुराना किला में तीन दिवसीय अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन का उद्घाटन करेंगे। यह आयोजन 20 से 22 नवंबर तक चलेगा। इसमें SCO के सदस्य देशों के प्रतिनिधियों के अलावा शिक्षाविद, इतिहासकार, विशेषज्ञ और सांस्कृतिक क्षेत्र से जुड़े लोग हिस्सा लेंगे। इस सम्मेलन की सबसे खास बात पाकिस्तान के एक संघीय मंत्री की भागीदारी है। मई 2025 में भारत-पाकिस्तान के बीच सैन्य तनाव के बाद यह किसी पाकिस्तानी संघीय मंत्री की पहली भारत यात्रा होगी।
इस फोरम का मकसद SCO देशों के बीच साझा सभ्यतागत विरासत को सामने लाना और सांस्कृतिक आदान-प्रदान को बढ़ावा देना है। भारत इस मंच के जरिए संगठन के सहयोग को राजनीति, अर्थव्यवस्था और सुरक्षा से आगे बढ़ाकर इतिहास, संस्कृति और मानवीय मूल्यों से जोड़ने की कोशिश कर रहा है।
तियानजिन में PM मोदी ने रखा था सभ्यतागत संवाद का प्रस्ताव
इस सम्मेलन की शुरुआत के पीछे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पहल अहम रही है। साल 2025 में चीन के तियानजिन में आयोजित SCO शिखर सम्मेलन के दौरान पीएम मोदी ने संगठन के तहत सभ्यतागत संवाद के लिए एक विशेष मंच बनाने का प्रस्ताव दिया था। बाद में बिश्केक घोषणा में भी इस प्रस्ताव का स्वागत किया गया।
अब भारत पहली बार इस फोरम की मेजबानी कर रहा है। इसके जरिए सदस्य देशों को अपनी सांस्कृतिक विरासत, ऐतिहासिक संबंधों और साझा परंपराओं पर चर्चा करने का अवसर मिलेगा।
चार प्रमुख विषयों पर होगी चर्चा
फोरम के दौरान 21 और 22 नवंबर को चार प्रमुख विषयों पर विशेष सत्र आयोजित किए जाएंगे। इनमें सांस्कृतिक अभिव्यक्ति, कला और स्थापत्य, भाषा-साहित्य तथा धार्मिक और दार्शनिक परंपराएं शामिल हैं।
पहले सत्र में संगीत, नृत्य, पारंपरिक वस्त्रों, खानपान और पारंपरिक खेलों पर चर्चा होगी। दूसरे सत्र में कला और स्थापत्य की साझा परंपराओं को समझा जाएगा। तीसरे सत्र में भाषाओं, साहित्य, लिपियों और प्राचीन पांडुलिपियों पर विचार-विमर्श होगा। वहीं, चौथे सत्र में मठवासी परंपराओं, धार्मिक विचारों और दर्शन से जुड़े विषयों पर संवाद किया जाएगा।
इन चर्चाओं का उद्देश्य SCO देशों के बीच सांस्कृतिक समानताओं और ऐतिहासिक संबंधों को सामने लाना है।
‘वसुधैव कुटुंबकम’ की थीम पर दिखेगी भारत की सांस्कृतिक विरासत
उद्घाटन समारोह में ‘Civilisations in Conversation Cultural Show’ नाम से विशेष सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होगा। इसकी थीम ‘वसुधैव कुटुंबकम- विश्व एक परिवार है’ रखी गई है। संगीत, नृत्य, दृश्य प्रस्तुति और कथावाचन के जरिए भारत और यूरेशिया की सभ्यताओं के बीच सांस्कृतिक संबंधों को प्रदर्शित किया जाएगा।
सम्मेलन के दौरान भारत की पुरातात्विक, कलात्मक और साहित्यिक विरासत पर आधारित प्रदर्शनियां भी लगाई जाएंगी। इनमें ‘ASTITVA: The Essence of Our Existence’ प्रमुख है। इस प्रदर्शनी में दिल्ली के इतिहास और पुरातात्विक विरासत को दिखाया जाएगा। इसमें 1200 ईसा पूर्व से 1200 ईस्वी तक के पुरातात्विक साक्ष्य, कलाकृतियां और स्थापत्य अवशेष प्रदर्शित होंगे।
इसके अलावा महाभारत स्क्रॉल पवेलियन में 18वीं सदी की दुर्लभ चित्रित महाभारत पांडुलिपि भी प्रदर्शित की जाएगी।
पाकिस्तान के मंत्री मुसादिक मलिक करेंगे प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व
इस सम्मेलन में पाकिस्तान की भागीदारी को कूटनीतिक नजरिए से भी अहम माना जा रहा है। पाकिस्तान सरकार ने जलवायु परिवर्तन एवं पर्यावरण समन्वय मंत्री डॉ. मुसादिक मसूद मलिक को अपने प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व करने के लिए नामित किया है। वह 20 से 22 नवंबर तक नई दिल्ली में आयोजित कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे।
पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय के मुताबिक, मुसादिक मलिक सभ्यताओं के बीच संवाद के महत्व और इस दिशा में पाकिस्तान के योगदान पर अपनी बात रखेंगे। पाकिस्तानी प्रतिनिधिमंडल सम्मेलन के अलग-अलग सत्रों में भी शामिल होगा। इसके अलावा अन्य SCO सदस्य देशों के प्रतिनिधियों के साथ कार्यक्रम से इतर बातचीत भी की जाएगी।
यह यात्रा इसलिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि मई 2023 में गोवा में आयोजित SCO विदेश मंत्रियों की बैठक में तत्कालीन पाकिस्तानी विदेश मंत्री बिलावल भुट्टो जरदारी की भागीदारी के बाद किसी पाकिस्तानी संघीय मंत्री का यह पहला भारत दौरा होगा। मई 2025 में दोनों देशों के बीच सैन्य टकराव के बाद भी यह पहली ऐसी मंत्रीस्तरीय यात्रा है। हालांकि, भारत और पाकिस्तान के बीच किसी द्विपक्षीय बैठक का आधिकारिक कार्यक्रम सामने नहीं आया है।
भारत के लिए क्यों महत्वपूर्ण है SCO का यह नया मंच?
SCO में भारत, चीन, रूस, पाकिस्तान और मध्य एशिया के कई देश शामिल हैं। यह संगठन क्षेत्रीय सुरक्षा, आर्थिक सहयोग और संपर्क बढ़ाने के लिए काम करता है। ऐसे में सभ्यतागत संवाद का मंच सदस्य देशों को राजनीतिक मतभेदों से अलग साझा इतिहास और संस्कृति पर बातचीत का अवसर देता है।
भारत के लिए यह अपनी हजारों साल पुरानी सभ्यता, कला, साहित्य, दर्शन और ऐतिहासिक विरासत को दुनिया के सामने रखने का बड़ा मौका है। साथ ही एक ही बहुपक्षीय मंच पर भारत और पाकिस्तान के प्रतिनिधियों की मौजूदगी भी इस आयोजन को कूटनीतिक रूप से खास बनाती है।


