कांग्रेस ने संगठन को मजबूत करने और राज्यों में जिम्मेदारियों को नए सिरे से तय करने के लिए बड़ा बदलाव किया है। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) ने 25 सचिवों और संयुक्त सचिवों को उनकी मौजूदा जिम्मेदारियों से मुक्त कर दिया है। इसके साथ ही उत्तर प्रदेश, राजस्थान समेत कई राज्यों और संगठनात्मक विभागों में नए सचिवों की नियुक्ति की गई है। पार्टी के संगठन महासचिव के.सी. वेणुगोपाल की ओर से जारी विज्ञप्ति के मुताबिक, कुल 81 सचिवों को अलग-अलग राज्यों, केंद्र शासित प्रदेशों और संगठनात्मक विभागों की जिम्मेदारी सौंपी गई है। कांग्रेस अध्यक्ष ने इन बदलावों को तत्काल प्रभाव से मंजूरी दे दी है।
इस फेरबदल को पार्टी के संगठनात्मक ढांचे में बड़े बदलाव के तौर पर देखा जा रहा है। नई व्यवस्था के तहत कुछ नेताओं की पुरानी जिम्मेदारियां बरकरार रखी गई हैं, जबकि कई नेताओं को नए राज्यों और विभागों की जिम्मेदारी दी गई है।
यूपी में इन नेताओं की जिम्मेदारी बरकरार
उत्तर प्रदेश में पार्टी ने अभिषेक दत्त, वरुण चौधरी, कुणाल चौधरी, जगदीश चंदर जांगिड़, अब्दुल हन्नान और संजीव आर्य की जिम्मेदारी बरकरार रखी है। वहीं, राजस्थान में विश्व विजय सिंह, पोरलाक खार्ते, डॉ. पलक वर्मा और मनोज बागड़ी को सचिव नियुक्त किया गया है।
पार्टी की नई व्यवस्था में असम, केरल, तमिलनाडु, उत्तराखंड, गुजरात, कर्नाटक, पंजाब, जम्मू-कश्मीर, मध्य प्रदेश, झारखंड, बिहार, ओडिशा, तेलंगाना, दिल्ली और पश्चिम बंगाल समेत कई राज्यों के लिए भी सचिवों की जिम्मेदारियां तय की गई हैं।
25 नेताओं को जिम्मेदारी से किया गया मुक्त
कांग्रेस के इस संगठनात्मक फेरबदल में 25 नेताओं को उनकी मौजूदा जिम्मेदारियों से मुक्त किया गया है। इनमें अंबा प्रसाद, बी.एम. संदीप, चेतन चौहान, चिरंजीव राव, क्रिस्टोफर तिलक, देवेंद्र यादव, दिव्या मदेरणा और मंसूर अली खान जैसे नाम शामिल हैं।
इसके अलावा नवीन शर्मा, पी. गोपी, पी. विश्वनाथन, पृथ्वीराज साठे, पूनम पासवान, रोजी एम. जॉन, रुत्विक मकवाना, एस.ए. संपत कुमार, संजना जाटव, शहनवाज आलम, टी.एन. प्रतापन, उषा नायडू और विजय जांगिड़ को भी मौजूदा जिम्मेदारियों से मुक्त किया गया है।
मीडिया और सोशल मीडिया विभाग में पुरानी टीम पर भरोसा
कांग्रेस ने संगठनात्मक बदलाव के बीच संचार और प्रचार से जुड़े विभागों में कुछ प्रमुख जिम्मेदारियां बरकरार रखी हैं। डॉ. विनीत पुनिया और रुचिरा चतुर्वेदी को संचार, प्रचार, मीडिया, सोशल मीडिया एवं डिजिटल मीडिया से जुड़ी जिम्मेदारी फिर सौंपी गई है।
वहीं, कांग्रेस अध्यक्ष के कार्यालय की जिम्मेदारी प्रणव झा और गौरव पांधी को एक बार फिर दी गई है। इससे साफ है कि पार्टी ने कुछ विभागों में पुराने चेहरों पर भरोसा बनाए रखा है, जबकि राज्यों के संगठनात्मक ढांचे में नए सिरे से बदलाव किया है।
तत्काल प्रभाव से लागू होगा नया संगठनात्मक ढांचा
कांग्रेस की ओर से जारी आदेश के मुताबिक, सभी नई नियुक्तियां और जिम्मेदारियों में किए गए बदलाव तत्काल प्रभाव से लागू होंगे। कुल 81 सचिवों को अलग-अलग राज्यों, केंद्र शासित प्रदेशों और संगठनात्मक विभागों का काम सौंपा गया है।
इस फेरबदल के जरिए कांग्रेस ने राज्यों में संगठनात्मक जिम्मेदारियों का नया बंटवारा किया है। अब देखना होगा कि नई टीम पार्टी के संगठन को मजबूत करने और राज्यों में राजनीतिक गतिविधियों को गति देने में कितनी प्रभावी साबित होती है।


