उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच सीट बंटवारे को लेकर औपचारिक बातचीत शुरू हो गई है। सोमवार को दिल्ली में कांग्रेस सांसद प्रमोद तिवारी के आवास पर दोनों दलों के नेताओं की करीब 30 मिनट तक बैठक हुई। बैठक के बाद सपा के राष्ट्रीय महासचिव रामगोपाल यादव ने कहा कि बातचीत का अगला दौर मंगलवार को होगा और अगले 2 से 3 दिनों में सीटों को लेकर समझौता फाइनल कर लिया जाएगा। उन्होंने भरोसा जताया कि गठबंधन में सीटों का बंटवारा सम्मानजनक तरीके से होगा।
हर विधानसभा सीट पर अलग-अलग होगा मंथन
बैठक में कांग्रेस की ओर से यूपी प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम और सांसद इमरान मसूद शामिल हुए। वहीं, समाजवादी पार्टी की तरफ से रामगोपाल यादव, प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल, सांसद राजीव राय और सांसद इकरा हसन ने बातचीत की।
बैठक से पहले कांग्रेस सांसद प्रमोद तिवारी ने कहा कि दोनों दल आपसी सम्मान और सौहार्द के साथ सीटों के बंटवारे पर चर्चा करेंगे। उन्होंने बीजेपी पर निशाना साधते हुए कहा कि यह उनके गठबंधन का आंतरिक मामला है, फिर बीजेपी को इतनी परेशानी क्यों हो रही है?
सपा सांसद राजीव राय ने बताया कि दोनों दल हर विधानसभा सीट पर अलग-अलग चर्चा करेंगे। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव पहले ही साफ कर चुके हैं कि सीट बंटवारे में जीतने की क्षमता यानी ‘विनेबिलिटी’ सबसे अहम आधार होगी। दोनों पार्टियां ऐसा समझौता चाहती हैं, जिससे गठबंधन की जीत की संभावना मजबूत हो।
कांग्रेस को 181 सीटों की उम्मीद, सपा 50-60 सीटें देने के पक्ष में
औपचारिक बातचीत से पहले कांग्रेस ने समाजवादी पार्टी को 181 विधानसभा सीटों की सूची सौंपी थी। इसमें 135 सामान्य, 45 अनुसूचित जाति और एक अनुसूचित जनजाति के लिए आरक्षित सीट शामिल है। कांग्रेस गठबंधन में सम्मानजनक हिस्सेदारी चाहती है।
वहीं, सूत्रों के मुताबिक समाजवादी पार्टी फिलहाल कांग्रेस को 50 से 60 सीटें देने के पक्ष में है। कांग्रेस की ओर से ज्यादा सीटों की मांग किए जाने पर सपा 10 से 20 अतिरिक्त सीटें देने पर विचार कर सकती है। हालांकि, सीटों की संख्या को लेकर अभी कोई आधिकारिक सहमति नहीं बनी है।
दो-तिहाई बहुमत से सरकार बनाने का दावा
कांग्रेस सांसद प्रमोद तिवारी ने दावा किया कि गठबंधन उत्तर प्रदेश में दो-तिहाई बहुमत के साथ सरकार बनाएगा। उन्होंने कहा कि दोनों दल उन विधानसभा क्षेत्रों की पहचान करेंगे, जहां गठबंधन के उम्मीदवारों की जीत की संभावना अधिक है।
कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने भी बातचीत को लेकर भरोसा जताते हुए कहा कि सब कुछ सुचारू तरीके से आगे बढ़ेगा। वहीं, सपा सांसद अवधेश प्रसाद ने कहा कि दोनों दलों के बीच सीटों को लेकर कोई टकराव या मतभेद नहीं है और बातचीत सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ेगी।
दोनों दलों ने बनाई है बातचीत के लिए कमेटी
सीट बंटवारे को लेकर सपा ने चार सदस्यीय कमेटी बनाई है। इसकी अगुवाई रामगोपाल यादव कर रहे हैं। कमेटी में प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल, सांसद राजीव राय और सांसद इकरा हसन शामिल हैं।
कांग्रेस की ओर से यूपी प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम, प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्रा, कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष इमरान मसूद और विधानमंडल दल के नेता वीरेंद्र चौधरी को बातचीत की जिम्मेदारी दी गई है। इसके अलावा प्रियंका गांधी वाड्रा और केसी वेणुगोपाल की भूमिका भी अहम मानी जा रही है।
2022 में अलग लड़े, 2024 में गठबंधन से मिला फायदा
2022 के विधानसभा चुनाव में सपा और कांग्रेस ने अलग-अलग चुनाव लड़ा था। सपा ने 347 सीटों पर उम्मीदवार उतारे और 111 सीटें जीतीं। कांग्रेस ने 399 सीटों पर चुनाव लड़ा, लेकिन उसे सिर्फ दो सीटों पर जीत मिली।
इसके बाद 2024 के लोकसभा चुनाव में दोनों दल INDIA गठबंधन के तहत साथ आए। सपा ने 62 सीटों पर चुनाव लड़कर 37 सीटें जीतीं, जबकि कांग्रेस ने 17 सीटों पर उम्मीदवार उतारे और छह सीटों पर जीत दर्ज की। अब विधानसभा चुनाव से पहले दोनों दल इसी गठबंधन को आगे बढ़ाने की तैयारी में हैं। अगले दो से तीन दिनों की बातचीत से साफ होगा कि सीटों के बंटवारे पर दोनों पार्टियां किस फॉर्मूले पर सहमत होती हैं।


