बिसलेरी समेत 5 कंपनियों पर FSSAI का बड़ा एक्शन, पानी से लेकर मसाले और कुकीज तक में मिली गड़बड़ी, 2 कंपनियों के लाइसेंस सस्पेंड

बिसलेरी समेत 5 कंपनियों पर FSSAI का बड़ा एक्शन, पानी से लेकर मसाले और कुकीज तक में मिली गड़बड़ी, 2 कंपनियों के लाइसेंस सस्पेंड

खाने-पीने के सामान की गुणवत्ता और सुरक्षा को लेकर फूड सेफ्टी एंड स्टैंडर्ड्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया (FSSAI) ने बड़ी कार्रवाई की है। खाद्य नियामक ने बिसलेरी इंटरनेशनल प्राइवेट लिमिटेड समेत पांच कंपनियों के खिलाफ मुकदमा चलाने की मंजूरी दी है। इन कंपनियों के पैकेज्ड ड्रिंकिंग वॉटर, हल्दी पाउडर, मिर्च पाउडर, कुकीज और अखरोट की गिरी के नमूने जांच में असुरक्षित या तय मानकों के अनुरूप नहीं पाए गए। इसके अलावा खराब साफ-सफाई और रीपैकिंग से जुड़ी अनियमितताओं के चलते दो अन्य कंपनियों के लाइसेंस भी निलंबित कर दिए गए हैं।

बिसलेरी के पानी के सैंपल में भी मिली गड़बड़ी

FSSAI की कार्रवाई में सबसे चर्चित नाम बिसलेरी का है। कंपनी के पैकेज्ड ड्रिंकिंग वॉटर के एक सैंपल में ब्रोमेट की मात्रा को लेकर गड़बड़ी सामने आई थी। जांच के बाद इसे फूड सेफ्टी एंड स्टैंडर्ड्स एक्ट, 2006 के तहत असुरक्षित घोषित किया गया।

कंपनी ने जांच रिपोर्ट के खिलाफ अपील की, जिसके बाद सैंपल को रेफरल फूड लेबोरेटरी भेजा गया। वहां की जांच में पॉलीसाइक्लिक एरोमैटिक हाइड्रोकार्बन (PAH) पाए जाने की बात सामने आई। रेफरल लैब ने भी सैंपल को असुरक्षित करार दिया। इसके बाद FSSAI ने कंपनी के खिलाफ मुकदमा चलाने की मंजूरी दे दी।

हालांकि, बिसलेरी ने इस मामले पर सफाई देते हुए कहा है कि जिस सैंपल की जांच को लेकर सवाल उठाए जा रहे हैं, वह करीब 14 महीने पुराना है। कंपनी का दावा है कि उसे FSSAI की ओर से अब तक कोई नोटिस नहीं मिला है। बिसलेरी ने यह भी कहा है कि उसका पानी पीने के लिए सुरक्षित है।

मिर्च और हल्दी पाउडर में कीटनाशक और धातु के अवशेष

FSSAI ने वसंत मसाला प्राइवेट लिमिटेड और टिट-बिट फूड्स इंडिया प्राइवेट लिमिटेड के खिलाफ भी कार्रवाई की है।

  • वसंत मसाला प्राइवेट लिमिटेड: कंपनी के मिर्च पाउडर में डिफेनोकोनाजोल नामक कीटनाशक के अवशेष तय सीमा से ज्यादा पाए गए।

  • टिट-बिट फूड्स इंडिया: कंपनी के मिर्च पाउडर में कीटनाशक अवशेष मिले, जबकि हल्दी पाउडर में टिन की मात्रा निर्धारित सीमा से अधिक पाई गई।

इन गड़बड़ियों के आधार पर दोनों कंपनियों के खिलाफ मुकदमा चलाने की मंजूरी दी गई है।

अखरोट में मिले कीड़े, कुकीज की लेबलिंग में भी गड़बड़ी

मीमांसा इंडस्ट्रीज प्राइवेट लिमिटेड के अखरोट की गिरी के नमूनों में भी गंभीर खामियां मिलीं। जांच में कुछ अखरोट खराब और कीड़ों से प्रभावित पाए गए। खाद्य नियामक ने इन्हें असुरक्षित घोषित करते हुए कंपनी के खिलाफ कार्रवाई की मंजूरी दी।

वहीं, आशा कन्फेक्शनरी की चॉकलेट-भरी कुकीज में चीनी की मात्रा से जुड़ी जानकारी गलत पाई गई। उत्पाद पर कई सामग्रियों का पूरा विवरण भी नहीं दिया गया था। इसके अलावा कर्मोसीन नामक रंग की जानकारी भी लेबल पर नहीं थी। जांच के बाद संबंधित बैच को वापस बुलाने और कंपनी के खिलाफ मुकदमा चलाने की मंजूरी दी गई।

उर्मि लाइफसाइंसेज और गौर आयुर्वेदिक स्टोर के लाइसेंस सस्पेंड

FSSAI ने खाद्य सुरक्षा और साफ-सफाई के नियमों का उल्लंघन करने पर उर्मि लाइफसाइंसेज LLP और गौर आयुर्वेदिक स्टोर के लाइसेंस भी निलंबित कर दिए हैं।

उर्मि लाइफसाइंसेज के परिसर में जांच के दौरान मकड़ी के जाले, धूल और झड़ते पेंट जैसी खामियां मिलीं। खाद्य पदार्थ सीधे फर्श पर रखे हुए थे और उनके साथ गैर-खाद्य सामग्री भी रखी गई थी। इन अनियमितताओं को खाद्य सुरक्षा के लिए गंभीर लापरवाही माना गया।

गौर आयुर्वेदिक स्टोर पर आरोप है कि वह अपने लाइसेंस में शामिल नहीं किए गए उत्पादों की भी पैकिंग और बिक्री कर रहा था। जांच में लाइसेंस वाले पैकेट में कॉपर सल्फेट बेचे जाने की बात सामने आई। दस्तावेजों की कमी और साफ-सफाई व वेंटिलेशन से जुड़ी खामियों के चलते स्टोर का लाइसेंस निलंबित कर दिया गया।

खाद्य कारोबार पर निगरानी बढ़ा रहा FSSAI

FSSAI खाद्य कारोबार से जुड़ी कंपनियों और ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म पर निगरानी बढ़ा रहा है। नियामक का फोकस खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, पैकेजिंग, लेबलिंग और साफ-सफाई से जुड़े नियमों का पालन सुनिश्चित करने पर है। ताजा कार्रवाई इसी निगरानी का हिस्सा है।