एशिया की ताकत का नक्शा तेजी से बदल रहा है और इस बदलाव की सबसे बड़ी खबर भारत है. ऑस्ट्रेलियाई थिंक टैंक के ‘एशिया पावर इंडेक्स 2026’ में भारत 40.5 अंकों के साथ रूस (32.2) और जापान (38.6) से आगे निकल गया है. साल 2018 में इस इंडेक्स की शुरुआत के बाद यह भारत का सर्वश्रेष्ठ स्कोर है. दिलचस्प बात यह है कि आर्थिक क्षमता के अंक में मामूली गिरावट के बावजूद भारत की समग्र ताकत 0.5 अंक बढ़ी है. आम नागरिक के नजरिए से देखें तो देश की बढ़ती रणनीतिक और कूटनीतिक वजनदारी का सीधा असर निवेश के माहौल, विदेशों में भारतीयों की साख और लंबी अवधि की आर्थिक मजबूती पर पड़ता है.
कैसे पीछे छूटे रूस की फौज और जापान की तकनीक?
इस रिपोर्ट में 27 देशों को 131 मानकों पर परखा गया है. जो देश 40 या उससे अधिक अंक हासिल करते हैं, उन्हें ‘मेजर पावर’ माना जाता है. अमेरिका और चीन के बाद एशिया में अब भारत इस श्रेणी में शामिल है. फौजी ताकत के मामले में रूस 55.8 अंकों के साथ भारत (48.5) से आगे जरूर है, लेकिन यूक्रेन युद्ध के भारी खर्च ने उसकी अर्थव्यवस्था और सेना पर दबाव बनाया, जिससे वह कुल स्कोर में नीचे खिसक गया. वहीं जापान 38.6 अंकों के साथ मेजर पावर की दहलीज से थोड़ा पीछे रहा, हालांकि संसाधनों को असर में बदलने में वह सबसे आगे है. भारत की खासियत यह रही कि उसने किसी एक मोर्चे पर नहीं, बल्कि अर्थव्यवस्था, रक्षा और कूटनीति के संतुलन से दोनों देशों को पछाड़ा.
ब्रह्मोस सौदों और कूटनीति ने कैसे बढ़ाया दमखम?
भारत की इस छलांग में क्षेत्रीय असर से जुड़े मानकों की बड़ी भूमिका रही. सबसे तेज बढ़त सांस्कृतिक प्रभाव में दिखी, जो 2.3 अंक उछलकर 43.8 पर पहुंच गया. आपसी जुड़ाव और सांस्कृतिक पहुंच ने भारत की छवि को मजबूत किया. दक्षिण-पूर्व एशियाई देशों को ब्रह्मोस मिसाइल की बिक्री से रक्षा नेटवर्क का स्कोर 2.1 अंक सुधरकर 18.6 हुआ, हालांकि यह अभी भी भारत का सबसे कमजोर हिस्सा है. क्षेत्रीय व्यापार में स्थिरता के चलते आर्थिक रिश्तों का स्कोर 19.9 रहा और इस पैमाने पर गिरावट से बचने वाले दुनिया के सिर्फ पांच देशों में भारत भी शामिल है. कूटनीतिक प्रभाव (70.3 अंक) भारत की सबसे बड़ी ताकत बना हुआ है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तीन पायदान चढ़कर शी जिनपिंग के बाद दूसरे सबसे प्रभावशाली क्षेत्रीय नेता बने हैं, हालांकि खाड़ी संकट के दौरान कम सक्रियता का असर उनकी वैश्विक छवि पर थोड़ा दिखा.
चीन की बढ़त और भारत के सामने खड़ी असली चुनौती
रिपोर्ट बताती है कि 2018 के बाद भारत और चीन के बीच ताकत का अंतर सबसे कम हुआ है, लेकिन चीन को पीछे छोड़ना अभी आसान नहीं है. चीन 73.6 अंकों के साथ अमेरिका (78.9) के बेहद करीब पहुंच गया है, हालांकि रिपोर्ट के मुताबिक अमेरिका-चीन का फासला घटकर 5.3 अंक रहने की बड़ी वजह चीन की अचानक बढ़ी ताकत नहीं बल्कि अमेरिका को लगे झटके हैं. भारत के मुकाबले चीन की कुल ताकत अभी करीब 80 फीसदी अधिक है और सैन्य क्षमता में भी चीन (72.1 अंक) भारत (48.5) से काफी आगे है. भारत का आर्थिक क्षमता स्कोर 0.7 अंक गिरकर 26.4 पर आया, जिसकी वजह रुपये की कमजोरी, आईएमएफ के मानकों में बदलाव और बाहर जाने वाले निवेश में करीब 20 अरब डॉलर की कमी रही. दूसरी तरफ घरेलू मोर्चे पर वित्त वर्ष 2027 में आईएमएफ ने 7 फीसदी तथा वर्ल्ड बैंक और आरबीआई ने 7.1 फीसदी वृद्धि का अनुमान जताया है. भविष्य के संसाधनों का स्कोर 1.2 अंक बढ़कर 56.2 हुआ है, पर असली परीक्षा ‘पावर यील्ड’ यानी संसाधनों को असर में बदलने की क्षमता सुधारने की है. इसमें जापान (+10.9) सबसे आगे, चीन (+0.2) संतुलित और रूस (-6.6) सबसे नीचे है, जबकि भारत का स्कोर -3.3 है जिसमें 2023 के बाद पहली बार सुधार आया है. चीन को कड़ी टक्कर देने के लिए भारत को अपनी युवा आबादी, सैन्य क्षमता और क्षेत्रीय रिश्तों को बड़े असर में बदलना होगा.



