14 बांग्लादेशी नागरिकों के आधार कार्ड बनवाने का आरोप, सरकारी डॉक्टर को हाईकोर्ट से झटका, केस रद्द करने से इनकार

14 बांग्लादेशी नागरिकों के आधार कार्ड बनवाने का आरोप, सरकारी डॉक्टर को हाईकोर्ट से झटका, केस रद्द करने से इनकार

कर्नाटक हाईकोर्ट ने 14 कथित बांग्लादेशी नागरिकों के लिए पते के प्रमाण पत्र सत्यापित करने के आरोपी सरकारी डॉक्टर को राहत देने से इनकार कर दिया है। डॉक्टर पर आरोप है कि उन्होंने बिना किसी सहायक दस्तावेज के इन लोगों के आवासीय प्रमाण पत्रों पर हस्ताक्षर किए, जिनकी मदद से आधार कार्ड, पासपोर्ट और दूसरे दस्तावेज हासिल किए गए। डॉक्टर ने अपने खिलाफ चल रही आपराधिक कार्यवाही रद्द करने की मांग की थी। हालांकि, हाईकोर्ट ने कहा कि उनके बचाव से जुड़ी दलीलों की जांच ट्रायल के दौरान हो सकती है। अदालत ने यह भी माना कि 14 लोगों के दस्तावेज बिना प्रमाण के सत्यापित करने का आरोप गंभीर है।

सरकारी डॉक्टर पर क्या हैं आरोप?

जस्टिस एचपी संदेश की एकल पीठ डॉ. लोकेश की याचिका पर सुनवाई कर रही थी। बेंगलुरु की बेलंदूर पुलिस ने उनके खिलाफ मामला दर्ज किया था। आरोप है कि उन्होंने 14 विदेशी नागरिकों के पते के प्रमाण पत्रों को बिना जरूरी दस्तावेज देखे सत्यापित किया।

पुलिस ने इन प्रमाण पत्रों को जब्त किया था। फोरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (FSL) की जांच में भी प्रमाण पत्रों पर मौजूद हस्ताक्षर डॉ. लोकेश के ही पाए गए। उनके खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 419, 420 और 120B के साथ धारा 34 तथा विदेशी अधिनियम की धारा 14 के तहत मुकदमा चल रहा है।

डॉक्टर ने मांगी थी मुकदमे से राहत

डॉ. लोकेश की ओर से दलील दी गई कि मजिस्ट्रेट ने चार्जशीट पर बिना उचित विचार किए ही अपराधों का संज्ञान ले लिया। उन्होंने यह भी कहा कि सरकारी डॉक्टर होने के कारण उन्हें CrPC की धारा 197 के तहत संरक्षण प्राप्त है। ऐसे में मुकदमा चलाने से पहले सक्षम प्राधिकारी की मंजूरी जरूरी थी।

डॉक्टर ने दावा किया कि उन्होंने संबंधित लोगों के रेंटल एग्रीमेंट देखने के बाद ही पते के प्रमाण पत्रों को सत्यापित किया था। हालांकि, ये किराया समझौते चार्जशीट का हिस्सा नहीं थे।

हाईकोर्ट ने कहा- 14 दस्तावेजों का मामला गंभीर

अदालत ने संज्ञान लेने के आदेश पर सवाल उठाने वाली दलील खारिज कर दी। पीठ ने कहा कि मजिस्ट्रेट के लिए चार्जशीट में मौजूद सामग्री देखना पर्याप्त है। संज्ञान लेने के लिए हर बार विस्तृत आदेश लिखना जरूरी नहीं होता।

सरकारी डॉक्टर को मिली कानूनी सुरक्षा की दलील पर कोर्ट ने कहा कि डॉक्टर का काम स्वास्थ्य सेवाएं देना है और वह राजपत्रित अधिकारी होने के नाते दस्तावेज सत्यापित कर सकते हैं। लेकिन यहां आरोप है कि उन्होंने पते के समर्थन में कोई दस्तावेजी प्रमाण देखे बिना 14 विदेशी नागरिकों के प्रमाण पत्रों को सत्यापित किया।

अदालत ने कहा कि यह एक या दो दस्तावेजों का मामला नहीं है। डॉक्टर का रेंटल एग्रीमेंट देखने का दावा ट्रायल के दौरान जांचा जा सकता है। वह गवाहों से जिरह करते समय इन दस्तावेजों का इस्तेमाल अपने बचाव में कर सकते हैं। इसी आधार पर उनकी याचिका खारिज कर दी गई।

दूसरे आरोपी को मिली राहत, सबूत पेश नहीं कर सकी पुलिस

इसी मामले में बीपी उमाशंकर की अलग याचिका पर अदालत ने उन्हें राहत दी। उन पर आरोपी नंबर 3 और 4 के लिए रेंटल एग्रीमेंट तैयार करने का आरोप था।

सुनवाई के दौरान कोर्ट ने पुलिस से कथित किराया समझौता पेश करने को कहा, लेकिन जांच अधिकारी ऐसा कोई दस्तावेज नहीं दिखा सके। अदालत ने कहा कि जब उनके खिलाफ कोई प्राथमिक साक्ष्य ही मौजूद नहीं है, जिससे आधार कार्ड बनवाने में मदद करने की बात साबित हो, तो आपराधिक मुकदमा जारी रखने का आधार नहीं बनता। इसलिए उमाशंकर के खिलाफ कार्यवाही रद्द कर दी गई।

Case Title: Dr. Lokesh and State of Karnataka & Anr.