UP में SP-कांग्रेस गठबंधन पर संकट! 5 उम्मीदवारों के ऐलान से भड़की कांग्रेस, 27 नवंबर की बैठक पर सस्पेंस

UP में SP-कांग्रेस गठबंधन पर संकट! 5 उम्मीदवारों के ऐलान से भड़की कांग्रेस, 27 नवंबर की बैठक पर सस्पेंस

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 से पहले समाजवादी पार्टी (SP) और कांग्रेस के बीच सीट बंटवारे को लेकर चल रही बातचीत में तनाव बढ़ता दिख रहा है। दोनों दलों के बीच अभी तक दो दौर की बैठक हो चुकी है, लेकिन सीटों को लेकर सहमति नहीं बन पाई है। इसी बीच समाजवादी पार्टी ने अपने पांच उम्मीदवारों के नाम घोषित कर दिए। इस फैसले से कांग्रेस खेमे में नाराजगी है और अब 27 नवंबर को प्रस्तावित तीसरी बैठक पर भी अनिश्चितता के बादल मंडराने लगे हैं। कांग्रेस के कुछ नेताओं का सवाल है कि जब सपा ने खुद ही उम्मीदवारों का ऐलान शुरू कर दिया है, तो आगे बातचीत का क्या मतलब रह जाता है?

पांच उम्मीदवारों के ऐलान से क्यों नाराज हुई कांग्रेस?

सीट शेयरिंग पर बातचीत जारी रहने के दौरान समाजवादी पार्टी की ओर से पांच प्रत्याशियों के नाम घोषित किए गए। कांग्रेस नेताओं को इस फैसले पर आपत्ति है। उनकी नाराजगी इसलिए भी बढ़ी है, क्योंकि घोषित पांच सीटों में से दो सीटें कांग्रेस सांसद इमरान मसूद के सहारनपुर लोकसभा क्षेत्र के अंतर्गत आती हैं।

कांग्रेस से जुड़े सूत्रों के मुताबिक, पार्टी के एक धड़े ने आलाकमान के सामने सवाल उठाया है कि सपा के इस रुख के बाद बातचीत आगे बढ़ाने का क्या औचित्य है। अखिलेश यादव के ट्वीट और इमरान मसूद के बयानों ने भी दोनों दलों के बीच बढ़ती तल्खी को सामने ला दिया है।

कांग्रेस ने 100 सीटों की रखी मांग, 26 का ऑफर ठुकराया

उत्तर प्रदेश में कांग्रेस के प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम ने इमरान मसूद की नाराजगी को जायज बताया है। उन्होंने सम्मानजनक सीट बंटवारे के लिए 100 सीटों की संख्या का जिक्र किया और 26 सीटों के प्रस्ताव को स्वीकार करने से इनकार किया।

हालांकि, गौतम ने यह भी कहा कि बातचीत सौहार्दपूर्ण माहौल में हुई है और दोनों दल सभी 403 विधानसभा सीटों पर चर्चा कर रहे हैं। उन्होंने सपा नेताओं से बातचीत पूरी होने तक उम्मीदवारों के ऐलान से बचने की बात कही। साथ ही दोनों पार्टियों के नेताओं से सार्वजनिक बयानबाजी में संयम बरतने की अपील की।

कांग्रेस आलाकमान भी पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए है। बताया जा रहा है कि पार्टी नेतृत्व ने अपने नेताओं को समाजवादी पार्टी के बयानों का उसी अंदाज में जवाब देने से बचने को कहा है।

इमरान मसूद बोले- हम किसी से भीख नहीं मांग रहे

सपा के उम्मीदवारों की घोषणा पर इमरान मसूद ने खुलकर नाराजगी जाहिर की। उन्होंने कहा कि उन्हें समझ नहीं आ रहा कि समाजवादी पार्टी कांग्रेस से लड़ना चाहती है या बीजेपी से। मसूद के मुताबिक, पहले यह तय होना चाहिए कि दोनों दलों का लक्ष्य बीजेपी से मुकाबला करना है या आपस में ही उलझना है।

उन्होंने साफ कहा कि कांग्रेस किसी से भीख नहीं मांग रही है। गठबंधन में जो भी समझौता हो, वह दोनों पक्षों के लिए सम्मानजनक और स्वीकार्य होना चाहिए। मसूद ने यह भी कहा कि वह आगे बातचीत जारी रखने को लेकर पार्टी नेतृत्व से सलाह लेंगे। इसके बाद ही कोई फैसला होगा।

अखिलेश ने सीटों से ज्यादा जीतने की क्षमता पर दिया जोर

दूसरी तरफ समाजवादी पार्टी का कहना है कि पांच उम्मीदवारों की घोषणा में कुछ गलत नहीं है, क्योंकि ये सीटें पहले से ही पार्टी के पास रही हैं। अखिलेश यादव ने कांग्रेस को सीटों की संख्या के बजाय उम्मीदवारों की जीतने की क्षमता पर ध्यान देने की सलाह दी है। उनका कहना है कि दोनों दलों को मिलकर हर सीट पर सबसे मजबूत प्रत्याशी चुनना चाहिए।

दिल्ली में सीट बंटवारे को लेकर हुई पहली दो बैठकें बेनतीजा रही हैं। सपा ने कांग्रेस को 26 सीटों का प्रस्ताव दिया है, जबकि कांग्रेस 125 से अधिक सीटों पर चुनाव लड़ने की इच्छुक बताई जा रही है। ऐसे में 27 नवंबर की प्रस्तावित तीसरी बैठक गठबंधन की आगे की दिशा तय करने के लिहाज से अहम हो सकती है। फिलहाल दोनों दलों के बीच सहमति बनने का इंतजार है।