न्यूजीलैंड की धरती पर टेस्ट सीरीज जीतने का टीम इंडिया का इंतजार एक बार फिर बढ़ता नजर आ रहा है। वेलिंग्टन टेस्ट में मजबूत स्थिति के बावजूद जीत से चूकने वाली भारतीय टीम क्राइस्टचर्च टेस्ट में भी मुश्किलों में घिर गई है। मुकाबले के दूसरे दिन भारतीय खिलाड़ियों की खराब फील्डिंग और गैर-जिम्मेदाराना बल्लेबाजी ने टीम की स्थिति कमजोर कर दी। न्यूजीलैंड की पहली पारी 356 रन पर समाप्त होने के बाद भारतीय टीम ने जवाब में महज 116 रन पर 6 विकेट गंवा दिए। दिन का खेल खत्म होने तक भारत पहली पारी में 240 रन पीछे था।
6 गेंद में पहला झटका, जायसवाल बोल्ड
दूसरे दिन दूसरे सेशन में भारतीय टीम बल्लेबाजी के लिए उतरी, लेकिन पारी की शुरुआत ही खराब रही। मैट हेनरी ने पारी की शुरुआती छह गेंदों के भीतर यशस्वी जायसवाल को बोल्ड कर दिया। इसके बाद देवदत्त पडिक्कल ने आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी शुरू की और कुछ अच्छे शॉट भी लगाए।
हालांकि, नई गेंद और गेंदबाजों के लिए मददगार पिच पर वह ज्यादा देर तक नहीं टिक सके। काइल जैमीसन की गेंद पर ड्राइव खेलने की कोशिश में पडिक्कल विकेटकीपर को कैच थमा बैठे। दिन की शुरुआत में फील्डिंग के दौरान कैच छोड़ने वाले पडिक्कल बल्ले से भी टीम को संभालने में नाकाम रहे।
गिल और पंत भी नहीं संभाल सके पारी
इसके बाद कप्तान शुभमन गिल और केएल राहुल ने पारी को संभालने की कोशिश की। राहुल एक छोर पर सधी हुई बल्लेबाजी कर रहे थे, जबकि गिल ने आते ही तीन चौके लगाकर अच्छी लय दिखाई। लेकिन जैमीसन ने अपनी लंबाई और उछाल का फायदा उठाते हुए गिल को फंसा लिया। ऑन साइड में शॉट खेलने की कोशिश में वह कैच आउट हो गए।
भारत को सबसे बड़ा झटका ऋषभ पंत और केएल राहुल के आउट होने से लगा। दोनों बल्लेबाजों से टीम को बड़ी साझेदारी की उम्मीद थी। पंत ने अपने आक्रामक अंदाज में आगे बढ़कर कई शॉट खेलने की कोशिश की, लेकिन एक गेंद को हवा में ऊंचा खेल बैठे और कैच आउट हो गए।
इसके करीब चार ओवर बाद राहुल ने ऐसी गेंद पर स्क्वायर कट खेलने की कोशिश की, जिसे आमतौर पर वह छोड़ देते हैं। गेंद बल्ले का किनारा लेकर फील्डर के हाथों में चली गई। दोनों विकेट जैकब डफी ने हासिल किए।
आखिरी गेंद पर सुंदर भी लौटे पवेलियन
104 रन तक पांच विकेट गंवाने के बाद ध्रुव जुरेल और वॉशिंगटन सुंदर ने पारी को संभालने की कोशिश की। दोनों ने करीब 90 गेंदों तक धैर्य के साथ बल्लेबाजी की और विकेट गिरने का सिलसिला रोकने की कोशिश की।
हालांकि, दिन की आखिरी गेंद पर नाथन स्मिथ ने सुंदर को स्लिप में कैच आउट कराकर भारत को छठा झटका दे दिया। इस तरह दूसरे दिन का खेल खत्म होने तक भारत की पहली पारी में 116 रन पर 6 विकेट गिर चुके थे।
आकाश दीप ने 5 विकेट लेकर न्यूजीलैंड को 356 पर रोका
इससे पहले भारतीय गेंदबाज आकाश दीप ने शानदार प्रदर्शन करते हुए न्यूजीलैंड की पहली पारी को 356 रन पर समेटने में अहम भूमिका निभाई। उन्होंने टॉम ब्लंडेल को 89 रन के स्कोर पर आउट किया, जो शतक से चूक गए।
खास बात यह रही कि इससे पहले भारतीय फील्डरों ने आकाश दीप की गेंदों पर तीन कैच छोड़ दिए थे। देवदत्त पडिक्कल ने दो बार मैट हेनरी का कैच टपकाया, जबकि गुरनूर बराड़ ने भी उन्हें जीवनदान दिया। शुरुआती दो दिनों में आकाश की गेंदों पर कुल चार कैच छूटे।
इसके बावजूद आकाश दीप ने हिम्मत नहीं हारी। उन्होंने पहले ब्लंडेल का कैच पकड़ा और फिर हेनरी को आउट कर पारी में अपने पांच विकेट पूरे किए। अंशुल कंबोज और गुरनूर बराड़ ने भी दो-दो विकेट हासिल किए, जबकि जसप्रीत बुमराह को कोई सफलता नहीं मिली।
अब भारतीय टीम के सामने सबसे बड़ी चुनौती न्यूजीलैंड की बढ़त को कम करना और बाकी बचे चार विकेट बचाकर मुकाबले में वापसी करना है।



