KGMU में रैगिंग पर बड़ा एक्शन, 38 MBBS छात्र 3 महीने के लिए सस्पेंड, 25 हजार जुर्माना और स्कॉलरशिप भी रोकी

KGMU में रैगिंग पर बड़ा एक्शन, 38 MBBS छात्र 3 महीने के लिए सस्पेंड, 25 हजार जुर्माना और स्कॉलरशिप भी रोकी

लखनऊ की किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (KGMU) में रैगिंग के मामले में प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। एंटी रैगिंग कमेटी की जांच और सिफारिश के बाद MBBS के 38 छात्रों को तीन महीने के लिए निलंबित कर दिया गया है। इनमें 2025 बैच के 36 और 2026 बैच के दो छात्र शामिल हैं। सभी दोषी छात्रों पर 25-25 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया गया है। इसके अलावा एक साल तक उनकी स्कॉलरशिप रोकने का फैसला लिया गया है। यह कार्रवाई जूनियर छात्रों से सीनियरों को प्रणाम करवाने का वीडियो वायरल होने के बाद की गई है।

वायरल वीडियो में जूनियर छात्रों से करवाया जा रहा था प्रणाम

यह मामला 16 नवंबर को सामने आए एक वीडियो के बाद चर्चा में आया था। वायरल वीडियो में MBBS फर्स्ट ईयर के छात्र और छात्राएं कतार में खड़े दिखाई दे रहे थे। सभी की गर्दन झुकी हुई थी। जैसे ही कोई सीनियर छात्र उनके सामने से गुजरता, जूनियर छात्र तेज आवाज में ‘प्रणाम महोदय जी’ कहते थे। वहीं, सीनियर छात्राओं के सामने से गुजरने पर जूनियर छात्राएं ‘प्रणाम मैडम जी’ बोलती थीं।

वीडियो में कुछ सुरक्षाकर्मी भी आसपास मौजूद दिखाई दिए। इनमें से कुछ मोबाइल फोन से पूरी घटना रिकॉर्ड कर रहे थे। कतार के पास से गुजरने वाले सीनियर छात्र जूनियरों को डांटते और हिदायत देते नजर आए। इस दौरान जूनियर छात्र सिर झुकाकर खड़े रहे। उनके चेहरे पर डर और घबराहट भी दिखाई दे रही थी।

जांच में 2025 बैच के दो जूनियर भी दोषी मिले

वीडियो वायरल होने के बाद KGMU प्रशासन ने रैगिंग की शिकायत पर एंटी रैगिंग कमेटी से जांच कराई। जांच में सामने आया कि 2025 बैच के दो जूनियर छात्र भी अपने सीनियरों की रैगिंग में मदद कर रहे थे। कमेटी ने उनकी भूमिका को भी गंभीर मानते हुए उन्हें दोषी ठहराया।

इसी जांच के आधार पर 2025 बैच के 36 और 2026 बैच के दो छात्रों समेत कुल 38 विद्यार्थियों को तीन महीने के लिए निलंबित करने की सिफारिश की गई, जिस पर विश्वविद्यालय प्रशासन ने कार्रवाई की।

क्लास और हॉस्टल में एंट्री पर रोक, 25 हजार का जुर्माना

निलंबन की अवधि के दौरान सभी आरोपी छात्रों को क्लास और हॉस्टल से बाहर रहना होगा। प्रत्येक छात्र पर 25 हजार रुपये का आर्थिक जुर्माना लगाया गया है। इसके साथ ही एक साल तक उनकी स्कॉलरशिप भी रोक दी गई है।

KGMU के प्रवक्ता डॉ. केके सिंह ने कहा कि जूनियर छात्रों को डराने, दबाव डालने या अपमानित करने वाली किसी भी गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसी घटनाओं में शामिल छात्रों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

रैगिंग की शिकायत तुरंत प्रशासन को देने की अपील

विश्वविद्यालय प्रशासन ने छात्रों से अपील की है कि रैगिंग से जुड़ी किसी भी घटना की जानकारी तुरंत एंटी रैगिंग कमेटी या प्रशासन को दें। प्रशासन का कहना है कि मेडिकल संस्थान में पढ़ाई के साथ छात्रों की सुरक्षा और सम्मान भी सर्वोच्च प्राथमिकता है। रैगिंग के नाम पर किसी भी तरह का दबाव या अपमान स्वीकार नहीं किया जाएगा।