देश में चुनाव लड़ने की न्यूनतम उम्र घटाने की मांग को लेकर दाखिल याचिका पर सुप्रीम कोर्ट ने सुनवाई से इनकार कर दिया है। याचिका में सवाल उठाया गया था कि जब 18 साल की उम्र में नागरिकों को वोट देने का अधिकार मिल जाता है, तो चुनाव लड़ने के लिए 25 या 30 साल की न्यूनतम उम्र क्यों निर्धारित है? हालांकि, सुप्रीम कोर्ट ने इसे उचित याचिका नहीं माना और याचिकाकर्ता को हाईकोर्ट जाने की सलाह दी। इसके बाद याचिकाकर्ता ने अपनी याचिका वापस ले ली, जिसे अदालत ने मंजूरी दे दी।
वोट देने की उम्र 18 साल, लेकिन चुनाव लड़ने के लिए अलग नियम
सुनवाई के दौरान याचिकाकर्ता के वकील ने कहा कि संविधान के 61वें संशोधन के जरिए मतदान की न्यूनतम उम्र 21 साल से घटाकर 18 साल कर दी गई थी। इसके बावजूद लोकसभा चुनाव लड़ने के लिए न्यूनतम उम्र 25 साल और राज्यसभा का सदस्य बनने के लिए 30 साल निर्धारित है।
वकील ने कहा कि यही उम्र सीमा राज्य विधानसभा और विधान परिषद के चुनावों पर भी लागू होती है। उन्होंने इस अंतर को महत्वपूर्ण मुद्दा बताते हुए अदालत से मामले पर विचार करने का आग्रह किया।
सुप्रीम कोर्ट ने कहा- यह सही याचिका नहीं
जस्टिस विक्रम नाथ और जस्टिस अपरेश कुमार सिंह की पीठ ने याचिका पर सुनवाई के दौरान कहा कि यह उचित मंच पर दाखिल की गई सही याचिका नहीं है।
वकील ने सुझाव दिया कि प्रतिवादी को इस मामले की जानकारी दी जा सकती है, ताकि वह याचिकाकर्ता को उनके आवेदन पर हुई कार्रवाई के बारे में बता सके। इस पर सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि याचिकाकर्ता इस मुद्दे को लेकर संविधान के अनुच्छेद 226 के तहत संबंधित हाईकोर्ट जा सकता है।
इसके बाद वकील ने याचिका वापस लेने की अनुमति मांगी। सुप्रीम कोर्ट ने इसकी मंजूरी दे दी।
क्या है संविधान का अनुच्छेद 226?
संविधान का अनुच्छेद 226 हाईकोर्ट को रिट जारी करने की शक्ति देता है। इसके तहत हाईकोर्ट किसी व्यक्ति, सरकारी विभाग या प्राधिकरण को कानूनी अधिकारों और मौलिक अधिकारों की रक्षा के लिए निर्देश दे सकता है।
अनुच्छेद 32 के तहत सुप्रीम कोर्ट मुख्य रूप से मौलिक अधिकारों के उल्लंघन पर सुनवाई करता है, जबकि अनुच्छेद 226 के तहत हाईकोर्ट मौलिक अधिकारों के साथ-साथ अन्य कानूनी अधिकारों के संरक्षण के लिए भी रिट जारी कर सकता है।
हाईकोर्ट के पास हैं पांच तरह की रिट जारी करने की शक्ति
अनुच्छेद 226 के तहत हाईकोर्ट पांच प्रमुख प्रकार की रिट जारी कर सकता है। इनमें बंदी प्रत्यक्षीकरण (Habeas Corpus), परमादेश (Mandamus), प्रतिषेध (Prohibition), उत्प्रेषण (Certiorari) और अधिकार-पृच्छा (Quo Warranto) शामिल हैं।
हालांकि, रिट जारी करना हाईकोर्ट के विवेक पर निर्भर करता है। यदि किसी मामले में कोई दूसरा प्रभावी कानूनी उपाय उपलब्ध है, तो अदालत याचिकाकर्ता को पहले उस विकल्प का इस्तेमाल करने की सलाह दे सकती है।



